- लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव
- राज्यों की विधानसभाओं में भी बढ़ेंगी सीटें
- परिसीमन के लिए 2051 तक की व्यवस्था
Delimitation Bill: महिला आरक्षण को जल्द लागू करने और लोकसभा तथा राज्य विधानसभाओं की सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने संविधान संशोधन विधेयक तैयार किया है। संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि करने का प्रस्ताव है। टाइम्स नाउ नवभारत के पास मौजूद बिल की कॉपी से हम आपको एक एक जानकारी साझा करने जा रहे हैं। विधेयक का उद्देश्य 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटों के आरक्षण को प्रभावी बनाना है।
विधेयक में संविधान के अनुच्छेद 54, 55, 81, 82, 170, 330, 332 और 334A में संशोधन का प्रस्ताव किया गया है। इसके तहत महिला आरक्षण को लागू करने के लिए इस संशोधन के लागू होने के बाद होने वाले पहले परिसीमन को आधार बनाया जाएगा। सरकार का उद्देश्य महिला आरक्षण को जनगणना के आंकड़ों के प्रकाशन और उसके बाद होने वाले परिसीमन की लंबी प्रक्रिया से आगे बढ़ाकर जल्द लागू करना है।
लोकसभा की सीटें 850 तक हो सकती हैं
विधेयक में संविधान के अनुच्छेद 81 में संशोधन कर लोकसभा में राज्यों से अधिकतम निर्वाचित सदस्यों की संख्या 530 से बढ़ाकर 815 करने का प्रस्ताव है। वहीं, केंद्र शासित प्रदेशों से प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्यों की अधिकतम संख्या 20 से बढ़ाकर 35 की जाएगी। इस तरह लोकसभा में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कुल अधिकतम 850 सदस्य हो सकते हैं।
विधेयक के तहत परिसीमन के दौरान प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश को आवंटित लोकसभा सीटों की संख्या में मौजूदा संख्या से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है। हालांकि, वास्तविक सीटों का राज्यवार आवंटन परिसीमन प्रक्रिया के दौरान तय होगा।
राज्य विधानसभाओं में भी बढ़ेंगी सीटें
संविधान के अनुच्छेद 170 में संशोधन कर राज्य विधानसभाओं में अधिकतम सदस्यों की संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। विधेयक के अनुसार, परिसीमन के दौरान प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की विधानसभा में भी मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि की जाएगी।
इस बदलाव के बाद राज्यों की विधानसभाओं का आकार बढ़ सकता है और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में भी बदलाव होगा।
Delimitation Bill
परिसीमन के लिए 2051 तक की व्यवस्था
विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के सीट आवंटन तथा निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों में बदलाव का प्रस्ताव है। इसमें 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने तक लागू व्यवस्था को बदलकर 2051 तक की समयसीमा निर्धारित करने का प्रस्ताव किया गया है।
विधेयक के अनुसार, सीटों का आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण इस व्यवस्था के तहत 2051 तक जारी रहेगा। इसके लिए परिसीमन के समय उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाने का प्रस्ताव है।
महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित होंगी
विधेयक में लोकसभा, राज्य विधानसभाओं, दिल्ली, पुडुचेरी और जम्मू-कश्मीर की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए लगभग एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान प्रभावी करने का प्रस्ताव है। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए आरक्षण भी शामिल होगा।
महिला आरक्षण इस संशोधन के लागू होने के बाद होने वाले पहले परिसीमन के बाद प्रभावी होगा। आरक्षित सीटों का आवंटन और रोटेशन किस प्राधिकरण द्वारा तथा किस तरीके से किया जाएगा, यह संसद कानून बनाकर तय करेगी।
महिला आरक्षण 15 साल तक रहेगा
विधेयक में महिला आरक्षण की अवधि 2023 के 106वें संविधान संशोधन अधिनियम के लागू होने से 15 साल तक रखने का प्रावधान बरकरार रखा गया है। हालांकि, संसद कानून बनाकर इस अवधि को आगे बढ़ा सकती है।
राष्ट्रपति चुनाव में जम्मू-कश्मीर को शामिल करने का प्रस्ताव
विधेयक में संविधान के अनुच्छेद 54 में संशोधन कर राष्ट्रपति चुनाव के संदर्भ में राज्य की परिभाषा में जम्मू-कश्मीर को शामिल करने का प्रस्ताव है। दिल्ली और पुडुचेरी पहले से इस प्रावधान में शामिल हैं।
इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड और त्रिपुरा की विधानसभाओं में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों से जुड़े विशेष प्रावधानों को 2051 के बाद प्रभावी होने वाले परिसीमन तक जारी रखने का प्रस्ताव है।
विधेयक में यह भी स्पष्ट किया गया है कि लोकसभा या किसी राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश की मौजूदा विधानसभा का प्रतिनिधित्व उसके भंग होने तक प्रभावित नहीं होगा। नए परिसीमन का प्रभाव संबंधित सदन के भंग होने के बाद होगा।
सरकार के अनुसार, प्रस्तावित संविधान संशोधन से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा और संसद तथा विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
