Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह का न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं, दिन शुरू होते ही राजधानी आग की भट्टी में तब्दील हो गया। दिल्ली में 22 मई तक लू चलने और तापमान बढ़ने का अनुमान है। हालांकि, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी में 23 और 24 मई को दिन के दौरान तेज सतही हवा चलने की चेतावनी दी। इन हवाओं से चिलचिलाती गर्मी से राहत मिल सकती है।
तापमान ने लोगों को सताया
वहीं, दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली के नजफगढ़ में तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह देश का सबसे गर्म स्थान बन गया। साथ ही मौसम विभाग ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, लू और तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया था और कहा था कि अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकती है।
कैसे उत्पन्न होती लू की स्थिति?
मौसम विभाग के अनुसार लू की स्थिति तब उत्पन्न होती है, जब अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री या इससे अधिक होता है और कम से कम 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 39 फीसदी था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 248 रहा जो 'खराब' की श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
Input: PTI
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
