Delhi ITO Fire: दिल्ली के आयकर कार्यालय की बिल्डिंग में मंगलवार को आग लग गई। इस घटना में एक अधिकारी की मौत हो गई। वहीं, सात लोगों को बचा लिया गया। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद मौके पर दमकल की 21 गाड़ियां पहुंचकर आग पर काबू पाया। बता दें कि आयकर विभाग की जिस इमारत में आग लगी, उसके ठीक सामने पुराना पुलिस मुख्यालय था, जो अभी भी सुरक्षा बलों की कुछ इकाइयों का केंद्र है।
आग लगने से एक अधिकारी की मौत
दिल्ली पुलिस ने बताया कि मंगलवार को आईटीओ स्थित सीआर बिल्डिंग में तीसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी। अग्निशमन विभाग और पुलिस कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने बताया कि इमारत से सात लोगों को बचाया गया। इसमें एक 46 वर्षीय पुरुष बेहोश हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वह कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। फिलहाल फोरेंसिक टीमें घटनास्थल की जांच कर रही हैं
मौके पर दमकल की 21 गाड़ियां मौजूद
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने कहा, ''हमें दोपहर 3.07 बजे आयकर विभाग की इमारत में आग लगने की सूचना मिली। हमने कुल 21 दमकल गाड़ियां भेजी हैं। हमने आगे लगने की जांच और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी है।''
दक्षिणी दिल्ली में आग
बता दें कि इससे पहले दक्षिणी दिल्ली में एक आवासीय इमारत में भी मंगलवार की सुबह आग लग गई थी। आग लगन से कोई हताहत नहीं हुआ। दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें सुबह पांच बजकर सोलह मिनट पर शाहपुर जट क्षेत्र में एक आवसीय इमारत में आग लगने की सूचना फोन कॉल पर दी गई थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर आग बुझाई गई।
इनपुटः भाषा
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
