Delhi News: डीटीसी कर्मचारी एकता यूनियन के पदाधिकारी द्वारा कॉन्ट्रैक्ट वर्कर को परमानेंट नौकरी देने और समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग की जा रही है। यूनियन के लोगों का कहना है कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वह कामकाज बंद कर बसों का चक्का जाम कर देंगे। ऐसी स्थिति में बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ अन्य लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। डीटीसी कर्मचारी एकता यूनियन अपनी मांगों को पूरा करने के लिए आंदोलन की तैयारी में जुटे हुए हैं।
कॉन्ट्रैक्ट वर्कर के लिए परमानेंट नौकरी की मांग
यूनियन के अध्यक्ष ललित चौधरी ने कहा कि दिल्ली परिवहन निगम में करीब 27 हजार कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट पर काम करते हैं। इसमें कई कर्मचारी पिछले 10 से 15 सालों से कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे हैं। उन्हें परमानेंट नौकरी नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) कर्मचारियों को स्थायी (परमानेंट) नौकरी दी जाए, समान कार्य-समान वेतन, प्राइवेट ऑपरेटरों की बजाए डीटीसी के बेड़े में बसों की संख्या बढ़ाई जाए, आदि मांग रखी गई है। अध्यक्ष ललित चौधरी का कहना है कि इन मांगों के साथ बीते दो महीनों में वह दो बार धरना दे चुके हैं।
बसों का चक्का जाम की तैयारी
ललित चौधरी ने बताया कि नवंबर में हुए धरने पर अधिकारियों ने यूनियन की मांगों पर विचार करने के लिए कुछ समय मांगा था। इसके लिए उन्हें 15 दिन की मोहलत दी गई थी, जो इस 5 दिसंबर को पूरी होने वाली है। अगर इस अवधि के दौरान उनकी मांगों को नहीं माना गया तो 9 दिसंबर को सभी डिपो में कामकाज बंद कर दिया जाएगा और बसों का चक्का जाम किया जाएगा।
बस में यात्रा करने वाले लोगों को होगी परेशानी
बसों का चक्का जाम होने से डीटीसी बसों में यात्रा करने वाले लाखों लोगों को नौ दिसंबर को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार, हर दिन डीटीसी में करीब पांच लाख से अधिक लोग सफर करते हैं। इसमें अधिकांश दैनिक यात्री हैं। अगर 9 दिसंबर को बस सेवाएं बंद रहेंगी और बसों का चक्का जाम रहेगा तो इससे लोगों को यात्रा करने में और अपने गंतव्यों पर समय से पहुंचने में दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में दिल्ली परिवहन निगम के अधिकारी भी नहीं चाहते की ये आंदोलन हो। सूत्रों के हवाले से आई खबर के अनुसार, विभाग द्वारा यूनियन की दो से तीन मांगों को पूरा किए जाने की घोषणा जल्द से जल्द की जा सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
