शहर

हरियाणा-हिमाचल सीमा पर यमुना के तेज बहाव में डूबी सेना की मोटर बोट, एक जवान लापता; सर्च ऑपरेशन जारी

Yamuna River Army Boat Accident: हरियाणा-हिमाचल सीमा पर यमुना नदी में बाढ़ बचाव अभ्यास के दौरान सेना की मोटर बोट डूबने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद तीन जवान तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक जवान तेज बहाव में लापता हो गया। लापता जवान की तलाश में NDRF समेत रेस्क्यू टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

Image

रेस्क्यू ड्रिल के दौरान हुआ बड़ा हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Yamuna River Army Boat Accident: हरियाणा-हिमाचल प्रदेश की सीमा पर बह रही यमुना नदी में बाढ़ बचाव अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रेस्क्यू ड्रिल के दौरान सेना की एक मोटर बोट तेज बहाव के बीच डेंजर जोन की ओर चली गई और देखते ही देखते नदी में पलटकर डूब गई।

हादसे के वक्त बोट पर सेना के चार जवान सवार थे। मोटर बोट के डूबते ही चारों जवान नदी के तेज बहाव में फंस गए। इनमें से तीन जवानों ने हिम्मत दिखाते हुए करीब 600 मीटर तक तैरकर नदी से बाहर निकलने में कामयाबी हासिल की। वहीं, सेना का एक जवान तेज धारा की चपेट में आने के बाद लापता हो गया। जवान के लापता होने की सूचना मिलते ही उसकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

मोटर बोट को पानी से बाहर निकाला गया

घटना की जानकारी मिलते ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय प्रशासन ने भी राहत एवं बचाव कार्य तेज करते हुए NDRF की टीम को बुलाया। नदी में तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद लापता जवान की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमों की कड़ी मशक्कत के बाद नदी में डूबी सेना की मोटर बोट को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया।

लापता सेना के जवान की तलाश जारी

हालांकि, लापता जवान का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। उसकी तलाश में गोताखोरों और बचाव दलों की मदद ली जा रही है। हादसे को लेकर देर शाम तक सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया। वहीं, संबंधित पुलिस अधिकारियों ने भी घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया। पुलिस का कहना है कि मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण इस संबंध में अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। फिलहाल नदी में लापता सेना के जवान की तलाश जारी है और रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान में जुटी हुई हैं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!