Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 25 July 2025: इन दिनों दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज बेहद अजीब हो गया है। कभी मूसलाधार बारिश तो कभी कड़ी धूप और कई बार तो ऐसा भी हुआ है कि दिनभर तेज धूप के बाद शाम को तेज बारिश ने दस्तक देती है। इस बार मानसून के आने के बाद से अब तक ऐसा एक भी मौका नहीं आया है जब लगातार कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहे। बारिश और धूप की इस कशमकश ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर के लोग अब आसमान की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार, 25 जुलाई को भी मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा। आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और धूप तीखी होगी, साथ ही शुष्क हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन झमाझम बारिश के लिए लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
दिल्ली एनसीआर में तापमान और AQI
आज दिल्ली और एनसीआर के अलग-अलग क्षेत्रों में तापमान कुछ इस प्रकार रहा, जहां दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जबकि न्यूनतम तापमान क्रमशः 29, 28 और 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुड़गांव में तापमान 35/29 डिग्री और फरीदाबाद में 36/28 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अगर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की बात करें, तो ग्रेटर नोएडा में स्थिति सबसे खराब रही जहां AQI 174 तक पहुंच गया। अन्य इलाकों में दिल्ली का AQI 80, नोएडा 100, गाजियाबाद 96, गुरुग्राम 93 और फरीदाबाद का AQI 90 दर्ज किया गया। यह स्तर 'संतोषजनक' से लेकर 'मध्यम' श्रेणी के बीच रहा, लेकिन ग्रेटर नोएडा में यह 'खराब' श्रेणी में पहुंच गया।
जल्द बदलेगा दिल्ली का मौसम
स्काईमेट वेदर की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार दिल्ली में मानसून अब तक 18% कम सक्रिय रहा है। रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण वातावरण में पर्याप्त नमी नहीं बन पाई, जिससे उमस और गर्मी बनी रही। हालांकि, अब मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 27 जुलाई से राजधानी और उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम करवट लेगा। बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे जमीन की ओर बढ़ेगा, जिससे मानसून ट्रफ दक्षिण की ओर खिसक सकता है। इसका असर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब जैसे इलाकों में देखने को मिलेगा, जहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की बौछारें भी पड़ सकती हैं।
26 जुलाई को नया लो-प्रेशर सिस्टम
स्काईमेट का कहना है कि उत्तर बंगाल की खाड़ी में 26 जुलाई को एक नया लो-प्रेशर सिस्टम विकसित होगा, जिसे ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवात का भी सहयोग मिलेगा। यह सिस्टम जमीन पर सक्रिय होकर इंडो-गंगा के मैदानों की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से 26 से 31 जुलाई के बीच उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में तेज पूर्वी हवाएं चलेंगी। मानसून ट्रफ के दक्षिण की ओर खिसकने से इन इलाकों में अच्छी और लगातार बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। यानी दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश की वापसी का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
