Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 05-September-2025: दिल्ली में बारिश और यमुना के उफान के चलते लोग दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण पानी रिहायशी इलाकों में पहुंच गया है। वहीं लगातार बारिश होने के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है। जिसके चलते जनजीवन पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही यातायात भी इससे काफी प्रभावित हो रहा है। हालांकि यमुना का जलस्तर अब धीरे-धीरे घटने लगा है। आज सुबह 6 बजे नदी का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर 207.35 मीटर पर दर्ज हुआ। लेकिन बारिश का दौर अभी भी जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिनों तक बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। साथ ही बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। एनसीआर क्षेत्रों में आज नोएडा और गाजियाबाद में बारिश के आसार हैं, लेकिन कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वहीं गुरुग्राम और फरीदाबाद में आज येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां बारिश के साथ ही बिजली गिरने और बादल गरजने की भी संभावना जताई गई है।
दिल्ली में गुरुवार को कहां-कहां हुई बारिश
राजधानी में गुरुवार को भी कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। दोपहर के समय कुछ इलाकों में धूप के साथ बारिश का नजारा देखने को मिला। मौसम विभाग ने गुरुवार को बारिश होने के अनुमान को देखते हुए 'येलो' और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया था। दिल्ली में शाम साढ़े पांच बजे तक सफदरजंग में 2 मिमी बारिश दर्ज की, वहीं रिज में 5 मिमी और लोधी रोड में 2.4 मिमी बारिश हुई। इस दौरान राजधानी में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान औसत से 4.4 डिग्री कम 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
