Delhi Weather Update: दिल्ली के मौसम में बदलाव होने वाला है। शुक्रवार को राजधानी में आसमान में बादल छाए रहने वाले हैं, इस दौरान हल्की बारिश होने की भी संभावना है। बारिश के कारण यहां का पारा और लुढ़कने के आसार हैं, शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान घटकर पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आज के तापमान की बात करें तो दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में आज का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। आज दिल्ली का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी की हवा आज बहुत खराब श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में गुरुवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 361 दर्ज किया गया।
AQI की अलग-अलग श्रेणी
एक्यूआई शून्य से 50 के बीच दर्ज होने पर इसे अच्छा माना जाता है। अगर यह 51 से 100 के बीच आता है तो इसे संतोषजनक की श्रेणी में रखा जाता है। एक्यूआई को 101 से 200 के बीच दर्ज करने पर हवा की गुणवत्ता मध्यम होती है। वहीं 201 से 300 के बीच का एक्यूआई खराब की श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता सूचकांक 301 से 400 के बीच दर्ज करने पर इसे बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
