Delhi Ring Railway: दिल्ली मेट्रो आज शहर की लाइफ लाइन बन चुकी है। दिल्ली में एक कोने से दूसरे कोने जाने के लिए सबसे पहले मेट्रो का जिक्र होता है, लेकिन क्या आपको पता है कि दिल्ली में एक ऐसी व्यवस्था है, जिसमें न तो जाम मिलेगा और न ही ज्यादा समय लगेगा। बल्कि पूरे दिल्ली का चक्कर लगाने का किराया भी सिर्फ 15 रुपये है। यहां बात हो रही है कि दिल्ली के रिंग रेल की, जो एक वक्त पर मेट्रो की तरह दिल्ली की लाइफ लाइन थी, लेकिन आज समय के साथ उसे भुला दिया गया।
रिंग रेल की शुरुआत 1975 में हुई
दिल्ली में रिंग रेल की शुरुआत 1975 में हुई थी। हालांकि, उस वक्त इस 35 किमी लंबे रेलवे ट्रैक पर सिर्फ मालगाड़ी चलती थी, लेकिन 1982 में एशियन गेम्स के दौरान इस पर पैसेंजर ट्रेन की शुरुआत की गई। रिंग रेल के ट्रैक पर कुल 21 स्टेशन मौजूद हैं, जो दिल्ली के चारो तरफ फैला हुआ है और आप इस ट्रेन से दिल्ली का पूरा चक्कर लगा सकते हैं।
दिल्ली के 21 स्टेशनों पर ठहराव
इस ट्रेन की शुरुआत हजरत निजामुद्दीन से होती है और 21 स्टेशनों से गुजरती हुई वापस फिर से हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंच जाती है। दिल्ली में 80 के दशक में रिंग रेल काफी लोकप्रिय था। इस ट्रैक पर अभी भी ट्रेनें चलती हैं, लेकिन अब पहले जैसी व्यवस्था नहीं रही। अक्सर इस ट्रेन के डब्बे खाली रह जाते हैं। फिलहाल इस ट्रैक पर 10 ट्रेनें चलती है।
महज 15 रुपये में पूरे दिल्ली का चक्कर
बता दें कि यह ट्रेन सस्ती होने के अलावा बहुत कम समय में दिल्ली का चक्कर काट लेती है। आप इस ट्रेन से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से सफदरजंग सिर्फ 20 मिनट में पहुंच सकते हैं। वहीं, अगर इस रूट पर आप सड़क मार्ग से चलेंगे तो आपको एक घंटे का समय लगेगा। साथ ही इस ट्रेन से एक चक्कर का किराया महज 15 रुपये है।
अगर आप भी इस रेलवे रिंग रेल में सफर करना चाहते हैं तो दिल्ली के निजामुद्दीन या फिर किसी अन्य स्टेशन पर पहुंच जाएं। ये ट्रेन दिल्ली का एक पूरा चक्कर लगाने में 90 मिनट का समय लेती है। यानी आप हजरत निजामुद्दीन से वापस हजरत निजामुद्दीन तक 90 मिनट में पहुंच जाएंगे। कोरोना से पहले तक इस ट्रैक पर करीब एक दर्जन ट्रेनें चलती थीं।
इन स्टेशनों से होकर गुजरती है यह ट्रेन
अगर आप इस ट्रेन में सफर का आनंद लेना चाहते हैं तो आप दिल्ली के किसी स्टेशन पहुंच जाइए और वहां से सिर्फ 90 मिनट में पूरे दिल्ली का एक चक्कर लगा लीजिए। रिंग रेल दिल्ली के लाजपत नगर, सेवा नगर, लोधी कॉलोनी, सरोजनी नगर हॉल्ट, सफदरजंग, चाणक्यपुरी हॉल्ट, सरदार पटेल मार्ग हॉल्ट, बरार स्क्वायर, दिल्ली इंद्रलोक हॉल्ट, नारायणा विहार हॉल्ट, कीर्ति नगर हॉल्ट, निजामुद्दीन, प्रगति मैदान, तिलक ब्रिज, शिवाजी ब्रिज, नई दिल्ली, सदर बाजार, दिल्ली किशनगंज, विवेकानंद पुरी, दया बस्ती और शकूरबस्ती स्टेशन पर रूकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
