Delhi Traffic Advisory: दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 के दौरान राजधानी के अरुण जेटली स्टेडियम में मैचों के चलते यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग से जुड़ी एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली में 2 जुलाई से 31 अगस्त तक दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक ट्रैफिक पर आंशिक प्रतिबंध रहेगा, जिससे यात्रियों को सफर के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान बहादुर शाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
सावर्जनिक परिवहन का करें इस्तेमाल
दिल्ली में 2 से 31 अगस्त तक बहादुर शाह जफर मार्ग और जवाहरलाल नेहरू मार्ग (जेएलएन मार्ग) पर भारी वाहनों और बसों की आवाजाही पर रोक रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि प्रतिबंधित मार्गों से बचें और सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम उपयोग करें, क्योंकि स्टेडियम के पास सामान्य पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। मैच के दौरान भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है।
अरुण जेटली स्टेडियम में किस गेट से होगा प्रवेश
स्टेडियम में प्रवेश के लिए बहादुर शाह जफर मार्ग से गेट संख्या 1-8, जेएलएन मार्ग के अंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल के पास से गेट 10-15 और बहादुर शाह जफर मार्ग से गेट 16-18 का इस्तेमाल करें। पार्किंग की सुविधा माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर नि:शुल्क उपलब्ध है। यात्रियों को अग्रिम योजना बनाकर निकलने की सलाह दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
