दिल्ली

दिल्ली पुलिस ने पकड़ी अवैध हथियारों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, दिल्ली-NCR में थी सप्लाई चेन

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक अवैध हथियारों की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, जिसमें कुख्यात अपराधी बिल्ला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बिल्ला ने पिछले दो सालों में दिल्ली-NCR के अपराधियों को कई कट्टे और पिस्तौलें सप्लाई की हैं।

Image

मामले में हुईं कई गिरफ्तारियां (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Delhi News: दिल्ली पुलिस के अपराध शाखा की एंटी-गैंग्स स्क्वॉड (AGS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया है। इस ऑपरेशन में मुख्य आरोपी बिलाल खान उर्फ बिल्ला (22) समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पिछले दो सालों में बिल्ला ने अकेले ही दर्जनों कट्टे और सिंगल फायर पिस्तौलें दिल्ली-NCR के अपराधियों को सप्लाई की हैं। यह सप्लाई चैन टूटने से अपराधियों को हथियार मिलने में बड़ी कठिनाई होगी, जिससे क्षेत्र में कई गंभीर आपराधिक घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।

कैसे हुई गिरफ्तारी?

27 जुलाई की रात एक सूचना पर बमनौली रोड, द्वारका में छापेमारी के दौरान इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार और मंजीत की अगुवाई में पुलिस टीम ने बिल्ला को आठ देसी पिस्तौल और एक चोरी की स्कूटी के साथ धर दबोचा। इसके बाद 28 जुलाई को आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर चार दिन का रिमांड लिया गया।

चाचा से सीखे थे गुर

बिल्ला की निशानदेही पर पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर जिले के भीमा पहाड़ी इलाके में छापा मारा। वहां से दो देसी कट्टे, एक अधबनी पिस्तौल, तीन अधबने रायफल के पार्ट्स और हथियार बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कई औजार जैसे ग्राइंडर, हैमर, फाइल्स, कटर्स, और लोहे की प्लेटें बरामद हुईं। पूछताछ में बिल्ला ने बताया कि उसने हथियार बनाने का हुनर अपने चाचा से सीखा था, जिनकी 2018 में मौत हो गई थी। इसके बाद उसने खुद हथियार बनाने का काम शुरू किया और अपना नेटवर्क फैला लिया।

और हुई हैं गिरफ्तारियां

इस कार्रवाई में हथियार सप्लाई करने वाले एक और आरोपी साहिल को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से दो पिस्तौल बरामद हुईं। पहले ही गिरफ्तार चार गुर्गों के पास से भी बिल्ला की बनाई हुईं पिस्तौलें पुलिस ने जब्त की हैं। बिल्ला और साहिल दोनों पहले से ही आपराधिक मामलों में लिप्त रहे हैं।

पुलिस की प्रतिक्रिया

पुलिस का कहना है कि इस ऑपरेशन से दिल्ली-NCR में अवैध हथियारों की सप्लाई चैन बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे आने वाले समय में कई बड़ी आपराधिक घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी। एंटी-गैंग्स स्क्वॉड इस तरह की और भी आपराधिक नेटवर्क को तोड़ने के लिए सक्रिय है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article