Delhi-NCR Weather Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोग मानसून बारिश का इंतजार कर रहे हैं। समय-समय पर आईएमडी द्वारा बारिश का अलर्ट भी जारी किया जा रहा है, लेकिन उसके बाद भी यहां बारिश नहीं हो रही है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में अभी तक मानसून का प्रवेश हो जाना चाहिए था। आईएमडी ने बताया था कि दिल्ली में 23 से 26 जून के बीच मानसून की दस्तक होगी। लेकिन अभी तक दिल्ली के लोग साल की पहली मानसूनी बारिश के लिए तरस रहे हैं। इस साल मानसून ने देश में समय से पहले प्रवेश लिया, लेकिन दिल्ली में अभी भी इसका इंतजार ही किया जा रहा है। धीमी पड़ी मानसून की चाल में दिल्ली समेत कई राज्य उमस भरी गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं। बादलों की आवाजाही के बीच बस बारिश की राह देखी जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो आज भी दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। माना जा रहा है कि आज से दिल्ली समेत एनसीआर क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
दिल्ली में आज भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग द्वारा बीते दिनों की तरह ही आज भी दिल्ली में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। शहर में तेज हवाओं के साथ कहीं हल्की बारिश तो कहीं केवल बूंदाबांदी होगी। इससे गर्मी से राहत की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन कुछ देर की इस राहत के बाद उमस वापस लोगों को परेशान करेगी। तापमान की बात करें तो शहर का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
क्यों अलर्ट के बाद भी नहीं हो रही बारिश
दिल्ली में बारिश का अलर्ट तो जारी किया जा रहा है, लेकिन बारिश हो नहीं रही है। कई इलाकों में सुबह के समय धुंध देखी गई, जिससे उम्मीद लगी की अब बारिश होगी, लेकिन बीते दिनों की तरह ये इंतजार, इंतजार ही रह गया। बता दें कि 77 से 88 फीसदी की आर्द्रता के बीच मौसम विभाग ने दिल्ली में दो बार बारिश का अलर्ट जारी किया, लेकिन एक बार भी शहर में बारिश दर्ज नहीं की गई।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम की अजब-गजब चाल देखी जा रही है। मौसम विभाग ने गाजियाबाद और नोएडा में आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं गुरुग्राम और फरीदाबाद में किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। यहां बारिश तो दूर हवाएं चलने की भी उम्मीद जताई नहीं गई है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की दस्तक के बाद इन सभी शहरों में झमाझम बारिश होगी। इस साल शहर में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
