Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 02-August-2025: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ठंडा और सुहावना बना हुआ है। यहां बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। दिल्ली-एनसीआर का मौसम इस समय कूल-कूल बना हुआ है। ठंडा-ठंडा मौसम और भीगी-भीगी दिल्ली और वीकेंड को और खास बना रही है। घूमने के लिए यह मौसम सबसे अच्छा है। वीकेंड पर सुहावने मौसम में गर्म-गर्म चाय के साथ लोगों की सुबह हो गई है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में भी दिल्ली-एनसीआर का मौसम सुहावना ही बना रहेगा।
कल शाम (1 अगस्त) से दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी का दौर चल रहा है। सुबह की शुरुआत भी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश के साथ हुई है। जहां एक तरफ बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी तरफ कई इलाकों में जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। सड़कों के जलमग्न होने के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। आइए इस बीच आपको बताएं कैसा रहेगा आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल -
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में मौसम मेहरबान रहने वाला है। बादलों की आवाजाही के बीच दिल्ली में रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। मौसम विभाग ने 2 अगस्त को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इतना ही नहीं 3 और 4 अगस्त को भी बारिश की उम्मीद है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी पूरे हफ्ते दिल्ली में बारिश का दौर जारी रहेगा। कभी तेज बारिश होगी तो कभी हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना रहेगा।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में भी मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने गुरुग्राम और फरीदाबाद में हल्की बारिश की संभावना जताई है, लेकिन इसको लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। वहीं गौतमबुद्ध नगर में भी शाम तक कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है। गाजियाबाद में मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
