Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में सुहावने मौसम के बाद एक बार फिर से गर्मी का कहर शुरू हो गया है। यहां गर्मी से राहत भरे दिन खत्म हो गए हैं और सूरज की तपिश फिर से लोगों को परेशान करने लगी है। गर्मी के कारण आलम ऐसा है कि दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार को पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया है। हालांकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हल्की बारिश से लोगों को राहत महसूस हुई। यहां सोमवार को दिन में सूरज ने अपनी चमक के साथ तपिश भी बिखेरी। जिसके बाद दिन बीतने के साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बादल छाने लगे और हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार बारिश से मिलने वाली राहत केवल कुछ समय के लिए है। दिल्ली- एनसीआर में फिर से चिलचिलाती गर्मी पड़ने वाली है।
दिल्ली में आज गर्मी का प्रकोप
दिल्ली-एनसीआर में फिर से भीषण गर्मी पड़ने लगी है। साथ ही यहां तापमान में भी बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। वहीं धूप की तपिश ने भी लोगों को दोपहर में घर में रहने पर मजबूर कर दिया है। आज के मौसम की बात करें तो आज दिल्ली में पूरे दिन आसमान बिल्कुल साफ रहने वाला है। साथ ही सूरज की तपिश भी लोगों को दोपहर में सताएगी। तेज धूप के कारण शाम तक गर्मी बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। जिसके बाद कल यहां 25 से 35 किमी घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
आने वाले दिनों में मौसम का हाल
दिल्ली में पारा आसमान छूने लगा है। सोमवार को सबसे अधिक तापमान दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में दर्ज हुआ। यहां का तापमान 43.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं पीतमपुरा में 42.8, पूसा में 42.2 और जाफरपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया। दिल्ली में आने वाले दिनों में बारिश के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। जिसके कारण फिलहाल गर्मी के प्रकोप से राहत मिलने की संभावना नहीं है। दिल्ली में इस हफ्ते तेज हवाएं चलने के आसार हैं। जिसकी रफ्तार 25 से 35 किमी प्रति घंटा रह सकती है। इस दौरान यहां का तापमान 42 से 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 30 डिग्री तक रह सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
