दिल्ली

Delhi News: मुंडका टोल प्लाजा पर रोक लगाने की मांग, HC में दाखिल याचिका में स्थानीय लोगों के लिए राहत की अपील

दिल्ली हाईकोर्ट में मुंडका टोल प्लाजा पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका दायर हुई। दिल्ली युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लकड़ा ने कहा यह दिल्ली का सबसे महंगा टोल है और जनता के अधिकारों का उल्लंघन है।

Image

दिल्ली हाईकोर्ट-मुंडका टोल

दिल्ली : दिल्ली हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है जिसमें मुंडका टोल प्लाजा पर टोल वसूली को तुरंत रोकने और स्थानीय निवासियों को रियायती दर पर पास उपलब्ध कराने की मांग की गई है। यह याचिका दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने दायर की है। याचिका में कहा गया है कि मुंडका टोल प्लाजा दिल्ली नगर निगम सीमा के भीतर आता है। नियमों के अनुसार नगर सीमा के भीतर या पांच से दस किलोमीटर के दायरे में टोल वसूली करना अवैध है। याचिकाकर्ता का कहना है कि यहां लगाया गया टोल न केवल मनमाना है बल्कि इसे वसूलने का कोई कानूनी आधार भी मौजूद नहीं है।

ग्रामीण इलाकों के लोग टोल से परेशान

याचिका में यह भी बताया गया है कि इस टोल प्लाजा से आसपास के 20 से अधिक गांव प्रभावित हो रहे हैं। यहां के लोग रोजाना स्कूल, अस्पताल और कामकाज के लिए इसी रास्ते से गुजरते हैं और उन्हें दिन में कई बार टोल चुकाना पड़ता है। यह आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए सीधा बोझ है और उनके जीवन पर असर डाल रहा है।

टोल रास्ते का दूसरा विकल्प खतरनाक

याचिकाकर्ता ने कहा है कि विकल्पी मार्गों की हालत बेहद खराब है। इन सड़कों पर न तो स्ट्रीट लाइट हैं, न ही उचित यातायात व्यवस्था। लोग मजबूरी में महंगा टोल भरकर मुख्य मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। इससे उनकी सुरक्षा और आर्थिक स्थिति दोनों प्रभावित हो रही हैं। याचिका में कहा गया है कि यह टोल नागरिकों के स्वतंत्र आवागमन, जीवनयापन और समानता के अधिकार का उल्लंघन है। अनुच्छेद 14, अनुच्छेद 19 और अनुच्छेद 21 के तहत गारंटी दिए गए अधिकार सीधे प्रभावित हो रहे हैं।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लकड़ा ने कहा कि यह दिल्ली का अब तक का सबसे महंगा टोल है और पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा, यह टोल दिल्ली एनसीआर के निवासियों के खिलाफ है। ग्रामीण दिल्ली के लोगों से धोखा हुआ है। ग्रामीण दिल्ली और एनसीआर के लोग हमारे साथ मिलकर न्याय के लिए लड़ेंगे।लाकड़ा ने आगे कहा कि दिल्ली के लोगों से उनकी ही जमीन पर बनी सड़क के उपयोग के लिए 235 रुपए प्रतिदिन वसूला जा रहा है, जबकि 20 किलोमीटर तक छूट का प्रावधान है। यह बिल्कुल गलत है और हमने इसके खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया है। हमें पूरा भरोसा है कि न्याय मिलेगा।

स्थानीय जनता भी कर चुकी है विरोध

स्थानीय लोगों ने भी अधिकारियों को पत्र लिखकर अपनी समस्या बताई है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। गांवों में लगातार इसका विरोध हो रहा है और लोग इसे जनता के अधिकारों पर सीधा हमला मान रहे हैं।

दिल्ली HC से ये है उम्मीद

याचिकाकर्ता ने कोर्ट से मांग की है कि टोल वसूली तुरंत रोकी जाए, अब तक वसूले गए पैसे का पूरा हिसाब दिया जाए और ग्रामीण निवासियों को रियायत दी जाए। उनका कहना है कि यह मुद्दा केवल कानूनी नहीं बल्कि सामाजिक और मानवीय दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।

दिल्ली में कहां है मुंडका टोल प्लाजा?

मुंडका टोल प्लाजा का संचालन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा किया जाता है। यह टोल प्लाजा दिल्ली के मुंडका में है और इसका नाम मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा है। यह टोल प्लाजा अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-2) पर स्थित है, जो दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में स्थित है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article