Coldrif Cough Syrup Ban: दिल्ली सरकार के औषधि नियंत्रण विभाग (Drugs Control Department) ने एक बड़ा सार्वजनिक नोटिस जारी कर कोल्ड्रिफ कफ सिरप के बेचने और वितरण करने पर रोक लगा दी है। आदेश में बताया गया है कि कोल्ड्रिफ कफ सिरप (Coldrif Syrup) को 'मानक गुणवत्ता से कम' घोषित किया गया है। यह दवा घातक साबित हो सकती है, क्योंकि इसमें डाइथिलीन ग्लाइकॉल (Diethylene Glycol) नामक केमिकल पाया गया है।
दवा में मिला खतरनाक रसायन
मध्य प्रदेश के फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की लैब रिपोर्ट (टेस्ट रिपोर्ट नंबर 68N, दिनांक 04.10.2025) में खुलासा हुआ है कि इस सिरप में 46.28% डाइथिलीन ग्लाइकॉल (w/v) पाया गया है। यह केमिकल औद्योगिक उपयोग के लिए होता है और दवा में इसकी मौजूदगी गंभीर खतरे पैदा कर सकती है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में हुई बच्चों की मौत के बाद इस दवा की टेस्टिंग की गई थी।
तमिलनाडु में बनती है यह दवा
जारी आदेश के मुताबिक, यह सिरप पैरासिटामोल, फिनाइलएफ्रिन हाइड्रोक्लोराइड और क्लोरफेनिरामाइन मेलियेट का संयोजन है। इसकी बैच संख्या SR-13, निर्माण तिथि मई 2025 और समाप्ति तिथि अप्रैल 2027 बताई गई है। यह दवा तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले में स्थित Sresan Pharmaceutical Manufacturer में बनती है। कंपनी के मालिक रंगनाथन को हाल ही में गिरफ्तार किया गया है।

औषधि नियंत्रण विभाग का ऑर्डर
तुरंत बिक्री और वितरण पर रोक
दिल्ली सरकार के औषधि नियंत्रण विभाग ने अपने ऑफिस ऑर्डर दिनांक 10 अक्टूबर 2025 में सभी दवा विक्रेताओं, थोक व्यापारियों और वितरकों को निर्देश दिया है कि वे इस सिरप की खरीद, बिक्री और वितरण तुरंत बंद करें। यह आदेश सावधानी के तौर पर जारी किया गया है ताकि किसी भी संभावित जनहानि को रोका जा सके। आम लोगों से अपील की गई है कि वे Coldrif Syrup का उपयोग तुरंत बंद करें।
कैसे हुआ खुलासा
यह मामला तब सामने आया जब एक के बाद एक कई बच्चों की मौत के बाद मध्य प्रदेश के ड्रग टेस्टिंग लैब ने कोल्ड्रिफ सिरप के एक सैंपल की जांच की। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि दवा में डाइथिलीन ग्लाइकॉल की अत्यधिक मात्रा मौजूद है, जो इंसानों के लिए विषैला है। इससे पहले भी कई देशों में इसी रसायन की वजह से कफ सिरप से जुड़ी बच्चों की मौतों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
