दिल्ली

VK मल्होत्रा के निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा, CM रेखा ने कही ये बात

सीएम रेखा गुप्ता ने मल्होत्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे ‘‘बहुत बड़ी एवं अपूरणीय क्षति’’ करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ हो। वह मल्होत्रा ​​को अंतिम श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर गईं।

Image

वीके मल्होत्रा के निधन पर दिल्ली में एक दिन के राजकीय शोक (फोटो-@gupta_rekha)

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर बुधवार को एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। मल्होत्रा का मंगलवार सुबह निधन हो गया था। उनका पिछले कुछ दिनों से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज किया जा रहा था। गुप्ता ने मल्होत्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे ‘‘बहुत बड़ी एवं अपूरणीय क्षति’’ करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ हो। वह मल्होत्रा को अंतिम श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर गईं।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, हम सभी कार्यकताओं के अभिभावक और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा जी का निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। जनसंघ के दौर से लेकर भाजपा की स्थापना तक उनका जीवन राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और अनुशासन का जीता-जागता उदाहरण रहा।

पीएम ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर मंगलवार को दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्स' पर कहा,‘‘ विजय कुमार मल्होत्रा जी ने खुद की एक उत्कृष्ट नेता के रूप में पहचान बनाई। उन्हें लोगों के मुद्दों की गहरी समझ थी। उन्होंने दिल्ली में पार्टी को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें उनके संसदीय कामकाज के लिए भी याद किया जाता है। उनके निधन से शोकाकुल हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति। दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे मल्होत्रा ने 1999 के लोकसभा चुनाव में दक्षिण दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार मनमोहन सिंह को हराया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article