दिल्ली

Delhi Budget 2023: गृह मंत्रालय से दिल्ली बजट को मिली मंजूरी, विज्ञापन पर ज्यादा खर्च पर उठे थे सवाल

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 21, 2023, 03:08 PM IST

Delhi Budget 2023: गृह मंत्रालय ने पाया कि बजट में विज्ञापनों पर ज्यादा एवं बुनियादी संरचना एवं विकास की अन्य परियोजनाओं पर कम राशि की व्यवस्था की गई है। बजट को मंजूरी नहीं दिए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी और AAP के सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

Image

दिल्ली बजट 2023 को गृह मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है।

Photo : PTI

Delhi Budget 2023: गृह मंत्रालय ने दिल्ली बजट 2023 को मंजूरी दे दी है। सूत्रों का कहना है कि बजट की मंजूरी की सूचना दिल्ली सरकार को भेज दी गई है। दरअसल, दिल्ली सरकार के इस बजट को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार और गृह मंत्रालय के बीच गतिरोध पैदा हो गया था। अपने इस बजट में दिल्ली सरकार ने विज्ञापन पर खर्च के लिए बड़ी मात्रा में राशि के आवंटन का प्रस्ताव किया है जिस पर गृह मंत्रालय ने स्पष्टीकरण मांगते हुए बजट को मंजूरी देने से इंकार कर दिया। गृह मंत्रालय ने पाया कि बजट में विज्ञापनों पर ज्यादा एवं बुनियादी संरचना एवं विकास की अन्य परियोजनाओं पर कम राशि की व्यवस्था की गई है। बजट को मंजूरी नहीं दिए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी और AAP के सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

केजरीवाल ने केंद्र सरकार की आलोचना की

इससे पहले बजट में प्रस्तावित खर्च पर AAP और केंद्र सरकार के बीच जारी खींचतान के दौरान दिल्ली के वित्त मंत्री कैलाश गहलोत ने मंगलवार को कहा कि मंजूरी के लिए बजट की फाइल दोबारा गृह मंत्रालय के पास भेजी गई है। दिल्ली सरकार के बजट को मंजूरी नहीं मिलने पर अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर 'गुंडागर्दी' का सहारा लेने का आरोप लगाया।

दिल्ली सरकार बोली-विज्ञापनों पर खर्च होंगे मात्र 550 करोड़

रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया कि केजरीवाल सरकार ने बजट में विकासकार्यों के लिए कम और अपने विज्ञापनों के लिए खर्च पर ज्यादा राशि का आवंटन किया है। हालांकि, केजरीवाल सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है। दिल्ली सरकार ने कहा कि इस बार बजट का आकार 78,800 करोड़ रुपए का है। इसमें से 22,000 करोड़ रुपए का आवंटन बुनियादी संरचनाओं के लिए हुआ है जबकि विज्ञापनों पर केवल 550 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

दिल्ली विधानसभा में हुआ हंगामा

वहीं, बजट को लेकर मंगलवार सुबह दिल्ली विधानसभा में भारी हंगामा देखने को मिला। इस मुद्दे को लेकर स्पीकर राम निवास गोयल और भाजपा विधायक विजेंदर गुप्ता के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। सदन में वित्त मंत्री अपनी बात रखने वाले थे लेकिन इससे पहले भाजपा विधायकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया कि वित्त मंत्री ने बजट में आवंटित राशि की जानकारी मीडिया को लीक कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article