दिल्ली

दिल्ली हवाई अड्डे पर ATC सिस्टम में तकनीकी खराबी अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य; एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हुईं। समस्या ऑटोमेटेड मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS) में आई, जिससे कंट्रोलर्स को उड़ानों की जानकारी मैनुअली प्रोसेस करनी पड़ी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा है कि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी एयरलाइन से संपर्क में रहें।

Image

दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों के हालात में हो रहा सुधार (सांकेतिक तस्वीर | PTI)

Photo : PTI

Delhi Airport News: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर शुक्रवार सुबह एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में तकनीकी खामी सामने आई, जिसके कारण उड़ान संचालन पर बड़ा असर पड़ा और 300 से अधिक फ्लाइट्स निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सकीं। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार समस्या अब धीरे-धीरे ठीक हो रही है और संचालन सामान्य स्थितियों की ओर लौट रहा है।

AMSS में आई खराबी की वजह से मैनुअल मोड में गया ATC

जांच में सामने आया कि दिक्कत AMSS यानी ऑटोमेटेड मैसेज स्विचिंग सिस्टम में आई थी। ये सिस्टम ATC के लिए बेहद जरूरी है। इसकी खराबी के बाद कंट्रोलर्स को हर उड़ान की डिपार्चर और अराइवल को मैनुअली प्रोसेस करना पड़ा, जिसकी वजह से देरी हुई।

एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली हवाई अड्डे ने एक एडवाइजरी जारी किया है, उसमें कहा गया है कि "एयर ट्रैफिक कंट्रोल की उड़ान योजना प्रक्रिया में सहायक स्वचालित संदेश स्विचिंग सिस्टम (AMSS) को प्रभावित करने वाली तकनीकी समस्या में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। दिल्ली हवाई अड्डे पर एयरलाइन संचालन सामान्य हो रहा है और सभी संबंधित अधिकारी किसी भी असुविधा को कम करने के लिए तत्परता से काम कर रहे हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे फ्लाइट से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए अपनी एयरलाइन के संपर्क में रहें।"

AMSS क्या करता है?

AMSS यानी ऑटोमेटेड मैसेज स्विचिंग सिस्टम, ATC (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) और एयरलाइंस के बीच एक मुख्य कम्यूनिकेशन लिंक की तरह काम करता है। यह रोज हजारों संदेशों को प्रोसेस करता है जिनमें उड़ानों के प्लान, मौसम की अपडेट और अन्य ऑपरेशनल बदलावों की जानकारी शामिल होती है। यह सिस्टम उड़ान के दौरान और रनवे पर होने वाली एयरक्राफ्ट के गतिविधियों से जुड़े डेटा को भी सीधे ATC स्क्रीन तक पहुंचाता है। ATC की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग और फैसलों में AMSS अहम भूमिका निभाता है। जब AMSS जैसे सिस्टम डाउन हो जाते हैं, तो कंट्रोलर्स को उड़ानों की जानकारी नोट कर, गैप कैलकुलेट करके और वॉयस कम्यूनिकेशन पर निर्भर होकर मैनुअली काम करना पड़ता है। यह तरीका सुरक्षा तो देता है लेकिन बहुत धीमा होता है, इसी वजह से फ्लाइट्स में भारी देरी हो जाती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article