देश

गोवा विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में ABVP का जलवा, सभी 9 सीटों पर किया क्लीन स्वीप, NSUI का सूपड़ा साफ

ABVP Goa University: गोवा विश्वविद्यालय छात्र परिषद चुनाव में ABVP ने सभी नौ सीटों पर कब्जा कर लिया। ABVP महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थियों ने मतपत्र के माध्यम से निर्णायक जनादेश दिया है।

Image

गोवा छात्रसंघ चुनाव (फोटो साभार- ABVP)

ABVP Goa University: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गोवा विश्वविद्यालय छात्र परिषद चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। 2026-27 सत्र के लिए हुए चुनाव में शुक्रवार को ABVP ने सभी नौ सीटों पर कब्जा कर लिया। कांग्रेस से संबद्ध भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) का इस चुनाव में पूरी तरह सूपड़ा साफ हो गया।

गोवा विश्वविद्यालय चुनाव में ABVP ने किया क्लीन स्वीप

चुनाव में कल्पेश संतोष वलके अध्यक्ष, श्रेयांस तुलसीदास नाइक सचिव और पूर्वी विजय परब महिला सदस्य निर्वाचित हुईं। इसके साथ ही ABVP से जुड़े छह कार्यकारी सदस्य भी चुने गए। छह निर्वाचित कार्यकारी सदस्य अनीश यशोदन गौंस देसाई, अर्थिकेश अशोक नाइक, माधव संदेश देसाई, निधि नामदेव मलिक, सावलो संजय शेट और वेंकटेश उर्फ श्रेयश श्रीराम शेट वेरेणकर हैं। सभी नौ पदों पर ABVP की एकतरफा जीत ने संगठन के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह भर दिया है।

ABVP महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थियों ने मतपत्र के माध्यम से निर्णायक जनादेश दिया है। उन्होंने कहा, "शैक्षणिक मुद्दों और परिसर प्रशासन से लेकर छात्र सुविधाओं और उनके अधिकारों तक, ABVP ने हमेशा विद्यार्थियों की चिंताओं को अपनी गतिविधियों के केंद्र में रखा है।" सोलंकी ने कहा कि इन परिणामों ने यह संदेश दिया है कि जेन-जी रचनात्मक और जिम्मेदार छात्र राजनीति को प्राथमिकता देता है। विद्यार्थी अब सिर्फ नारेबाजी नहीं, बल्कि काम और परिणाम वाली राजनीति चाहते हैं।

NSUI को नहीं मिली एक भी सीट

ABVP के कोंकण प्रदेश मंत्री राहुल राजोरिया ने कहा कि यह जीत संगठन की पहलों और नेतृत्व के प्रति विद्यार्थियों के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ABVP ने सालभर कैंपस में छात्रों के मुद्दों पर लगातार काम किया, जिसका नतीजा चुनाव में दिखा। ABVP ने दिल्ली विश्वविद्यालय, पंजाब विश्वविद्यालय और उत्तराखंड, लद्दाख, केरल तथा ओडिशा के शैक्षणिक संस्थानों समेत देश भर के विभिन्न विश्वविद्यालयों में हुए छात्र संघ चुनावों में अपने हालिया प्रदर्शन का भी हवाला दिया। संगठन का कहना है कि देशभर में छात्र ABVP के साथ खड़े हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- चंद्रबाबू नायडू ने भी परिसीमन बिल का किया समर्थन

2027 विधानसभा चुनाव से पहले अहम है यह रिजल्ट

गोवा के ये परिणाम 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आए हैं, जहां राजनीतिक दलों के लिए युवाओं तक पहुंच बनाना एक प्रमुख कारक रहने की उम्मीद है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि छात्र परिषद की यह जीत 2027 के लिए एक बड़ा संकेत है। युवा मतदाताओं के बीच ABVP और उसके विचारों की पकड़ मजबूत हो रही है, जिसका असर विधानसभा चुनाव में भी दिख सकता है। वहीं NSUI के लिए यह हार एक बड़ा झटका मानी जा रही है। गोवा में संगठन को फिर से खड़ा करने के लिए उसे नई रणनीति बनानी होगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article