Delhi Crime: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 70 लाख की नकदी और सोना चोरी होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि आतंकवाद निरोधक यूनिट स्पेशल सेल के लोधी कॉलोनी में स्थित मालखाने से लगभग 70 लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये का सोना चोरी होन की घटना सामने आई है। हैरान कर देने वाली बात ये है कि चोरी की इस वारदात को हवलदार खुर्शीद आलम द्वारा अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर मालखाने में प्रवेश किया और चोरी को अंजाम दिया।
फेयरवेल पार्टी के दौरान वारदात को दिया अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने वारदात को अंजाम उस समय दिया, जब स्पेशल सेल के अधिकारियों की फेयरवेल पार्टी चल रही थी। इस दौरान आरोपी खुर्शीद ने तड़के चार बजे मालखाने में प्रवेश किया और करीब 4:30 बजे वहां से चोरी करके फरार हो गया। चोरी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों को सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी की पहचान हवलदार के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए खुर्शीद को उत्तर-पूर्वी दिल्ली से गिरफ्तार किया।
हवलदार के पद से किया निलंबित
मालखाने से चोरी करने के आरोप में पुलिस ने खुर्शीद को उसके पद से निलंबित कर दिया है और नौकरी से बर्खास्त करने की प्रक्रिया भी शुरू दी गई है। पुलिस ने खुर्शीद की निशानदेही चोरी की गई नकदी और सोने को बरामद कर दिया है।
नई पोस्टिंग का उठाया लाभ
पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुर्शीद की एक माह पहले तबादला उत्तर-पूर्वी जिले में किया गया था। लेकिन इसकी जानकारी सुरक्षा कर्मियों को नहीं थी। यही कारण था कि वह मलखाने में आसानी से बिना किसी रोक टोक के प्रवेश ले रहा था। इसी का लाभ उठाते हुए उसने मौका देख मलखाने में चार स्तरीय सुरक्षा को चमका देते हुए प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि स्पेशल में चार स्तरीय सुरक्षा नागालैंड पुलिस बल, ड्यूटी ऑफिसर, लाइट मशीन गन वाले गार्ड और एक और ड्यूटी ऑफिसर शामिल है। इन सभी को चकमा देते हुए 70 लाख रुपए और लाखों का सोना चोरी किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
