Delhi School Bomb Threat: दिल्ली के द्वारका सेक्टर 7 स्थित एक स्कूल को शुक्रवार सुबह एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दिल्ली अग्निशमन विभाग के अनुसार, यह सूचना सुबह करीब 7 बजे मिली, जिसके तुरंत बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दिल्ली के स्कूलों में बम होने की धमकी का यह लगातार तीसरा दिन है। मंगलवार को छोड़कर इस पूरे सप्ताह यह सिलसिला चला है।
स्कूल में बम की सूचना मिलते ही स्कूल परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने सघन जांच अभियान शुरू किया। फिलहाल बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
कल भी आई थी धमकियां
कल भी दिल्ली के प्रसाद नगर और द्वारका सेक्टर 5 के इलाके में छह स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। जिसके बाद परिसरों को खाली कराकर स्कूलों की तलाशी ली गई। जांच में किसी तरह की संदिग्ध चीज नहीं मिली। गुरुवार सुबह 6.35 से 7.48 बजे के बीच स्कूलों को बम की धमकियां मिलीं। अधिकारियों ने बताया कि इनमें प्रसाद नगर स्थित आंध्रा स्कूल, बीजीएस इंटरनेशनल स्कूल, राव मान सिंह स्कूल, कॉन्वेंट स्कूल, मैक्स फोर्ट स्कूल और द्वारका स्थित इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल शामिल थे।
पांच दिनों में चौथी घटना
बता दें कि पिछले पांच दिनों में स्कूलों को बम की धमकी मिलने की यह चौथी घटना है। सोमवार को भी दिल्ली के 32 स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे, उसके बाद बुधवार और गुरुवार को भी स्कूलों में धमकियां आईं। बुधवार सुबह तो 50 से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले थे। इस खबर से स्कूल प्रशासन में सकते में आ गया था और एहतियातन सभी प्रभावित स्कूलों को तत्काल खाली कराया गया। हालांकि जांच में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी और सभी धमकियां झूठी साबित हुईं। सुरक्षा एजेंसियां अब इन ईमेल्स के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। आज, शुक्रवार को स्कूल में बम होने की लगातार तीसरे दिन धमकी मिली है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
