Delhi Bomb Threat Case: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से यह स्पष्ट करने की मांग कि क्या हाल में दिल्ली में 400 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वालों से उनकी पार्टी का कोई संबंध है। दिल्ली पुलिस ने दावा किया था कि 12वीं कक्षा के एक छात्र ने शहर के 400 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकी दी थी और उसके माता-पिता का संबंध एक ऐसे गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) से है, जो एक राजनीतिक दल का समर्थन करता है। पुलिस ने हालांकि राजनीतिक पार्टी के नाम का खुलासा नहीं किया है।
अफजल गुरु का नाम जुड़ा
एक पुलिस अधिकारी ने यह भी कहा कि जांच के दौरान पाया गया कि एनजीओ ने संसद हमले के दोषी अफजल गुरु का भी समर्थन किया था। इस खुलासे के मद्देनजर आप ने भाजपा पर विधानसभा चुनाव से पहले 'मनगढ़ंत' कहानियां गढ़ने का आरोप लगाया और कहा कि पुलिस के पास अभी तक 'कोई सबूत' नहीं आया है।
पुलिस के निष्कर्षों को 'बहुत संवेदनशील और गंभीर' करार देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि जांच के दौरान यह भी पाया गया कि छात्र के माता-पिता कुछ गैर-सरकारी संगठनों से जुड़े थे जो अतीत में ऐसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं जिन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माना जाता है। यह खबर गहरे संदेह पैदा कर रही है, क्योंकि हम सभी जानते हैं कि 'आप' के ऐसे अवांछित एनजीओ और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों से गहरे संबंध हैं।
केजरीवाल बकवास करते हैं-सुधांशु
सदस्य सुधांशु ने कहा केजरीवाल बकवास करते हैं और झूठे बयान देते हैं। मैं स्पष्ट रूप से पूछना चाहता हूं कि क्या 'आप' सामने आ रहे भयावह और खतरनाक तथ्यों से अपने संबंध को स्पष्ट करेंगे, क्योंकि मामले में सामने आ रहे तंत्र से आपके साथ सीधी वैचारिक समानता दिखाई दे रही है। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी इस मुद्दे पर आप पर निशाना साधा और दावा किया कि मामले की जांच के मद्देनजर उक्त एनजीओ, आप और उसके नेताओं के बीच संबंध कहीं न कहीं दिखाई देंगे। यह एक संयोग नहीं है... वे ई-मेल सोची-समझी साजिश के तहत 400 स्कूलों को भेजे गए, ताकि दिल्ली में डर का माहौल बनाया जा सके, क्योंकि उन्हें चुनाव जीतना था। अरविंद केजरीवाल न केवल दिल्ली के बल्कि देश के भी दुश्मन हैं। दिल्ली इस 'आपदा' से मुक्त हो, क्योंकि उन्होंने (आप ने) दिल्ली को बर्बाद कर दिया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
