क्रिकेट

IND vs ZIM 1st T20: वैभव सूर्यवंशी ने भरी हुंकार, कई उतार-चढ़ाव आए लेकिन मैं तैयार हूं, बहुत खास मैदान है

Vaibhav Suryavanshi Statement, IND vs ZIM T20: भारत के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने स्वीकार किया कि पिछले चार महीनों में उनके करियर में कई उतार-चढ़ाव आए हैं लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ बृहस्पतिवार से शुरू हो रही टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से पहले उनका आत्मविश्वास पूरी तरह कायम है।

Image

वैभव सूर्यवंशी (Instagram/VaibhavSooryavanshi03)

भारत के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने स्वीकार किया कि पिछले चार महीनों में उनके करियर में कई उतार-चढ़ाव आए हैं लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ बृहस्पतिवार से शुरू हो रही टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से पहले उनका आत्मविश्वास पूरी तरह कायम है।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शानदार प्रदर्शन के दम पर 15 वर्षीय सूर्यवंशी को भारत के आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 दौरे में शामिल किया गया। हालांकि बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की श्रृंखला में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में दूसरे टी20 मैच में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया। इसके साथ ही वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत के सबसे कम उम्र के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन गए।

सूर्यवंशी ने अगले तीन मुकाबले खेले, लेकिन बड़ी पारियां नहीं खेल सके। इसके बाद संजू सैमसन की टीम में वापसी होने पर उन्हें पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले से बाहर कर दिया गया। भारत यह श्रृंखला 0-4 से हार गया। उन्हें अंतिम मैच से बाहर किए जाने के फैसले की कई पूर्व क्रिकेटरों ने आलोचना की और सवाल उठाया कि केवल तीन पारियों के बाद किशोर बल्लेबाज को बाहर करना सही नहीं था।

सूर्यवंशी ने ’बीसीसीआई डॉट टीवी’ से कहा, "हां, पिछले चार महीनों में कई उतार-चढ़ाव आए हैं। यह क्रिकेट का हिस्सा है और ऐसा आगे भी होता रहेगा। लेकिन मुझे अपनी प्रक्रिया पर भरोसा रखना है और टीम के लिए अपना शत प्रतिशत देना है।" सूर्यवंशी के हरारे की परिस्थितियों से परिचित होने के कारण बृहस्पतिवार को पहले टी20 मैच में उनके अंतिम एकादश में शामिल होने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।

इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी20 से बाहर किए जाने के बाद सूर्यवंशी भावुक दिख रहे थे। उन्होंने स्वीकार किया कि कम उम्र में ऐसी निराशाओं से उबरना आसान नहीं होता, लेकिन उन्हें अपने आसपास के लोगों और कोचिंग स्टाफ से पूरा सहयोग मिला जिससे वह दोबारा अपना ध्यान खेल पर केंद्रित कर सके।

उन्होंने कहा, "यह स्वाभाविक है कि मुझे जिस भी तरह की मदद या मार्गदर्शन चाहिए, कोच मुझे उपलब्ध करा रहे हैं। जितना अभ्यास मुझे चाहिए, वह भी मिल रहा है। मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं और आत्मविश्वास से भरा हूं।"

सूर्यवंशी इस साल फरवरी में भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के अहम सदस्य थे। उन्होंने इसी मैदान पर फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ महज 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत को खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा, "यह मैदान मेरे लिए बहुत यादगार है। केवल चार महीने पहले हमने यहां अंडर-19 विश्व कप का फाइनल जीता था इसलिए यह मेरे लिए बेहद खास मैदान है। भारत का प्रतिनिधित्व करना हर खिलाड़ी का सपना होता है और यह मेरे लिए बहुत विशेष पल है।"

उन्होंने कहा, "जिस मैदान पर हमने चार महीने पहले इतिहास रचा था, उसी मैदान पर फिर से भारत के लिए खेलना एक अलग ही अहसास है। मैं इसका भरपूर आनंद ले रहा हूं।" किशोर बल्लेबाज ने कहा कि यदि उन्हें खेलने का मौका मिलता है तो वह अंडर-19 विश्व कप के दौरान यहां हासिल किए गए अनुभव का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।

सूर्यवंशी ने कहा, "यहां की पिच और परिस्थितियों के बारे में मुझे अच्छी जानकारी है। उस टूर्नामेंट से जो भी सीख मिली, उसे अब इन मैचों में लागू करने की कोशिश करूंगा और अच्छा प्रदर्शन करूंगा।"

उन्होंने कहा, "अब तक मैंने जो अभ्यास किया है, उसी पर भरोसा रखूंगा और अपने खेल के अनुसार खेलने की कोशिश करूंगा। टीम के लिए जितना भी योगदान दे सकूं, वह देने का पूरा प्रयास करूंगा। मैंने इस मैदान पर दो मैच खेले हैं और दोनों में मेरा प्रदर्शन अच्छा रहा था। अब उसी लय को आगे भी जारी रखना चाहता हूं।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article