Jammu Kashmir Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग शहर (anantnag terrorist attack) में बुधवार को संदिग्ध आतंकवादियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी की जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को अपराह्न करीब 12.30 बजे अनंतनाग के लाल चौक इलाके में गोलीबारी हुई।
उन्होंने बताया कि हमले में ड्यूटी पर तैनात एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जहां अब इलाज के दौरान मौत हो गई। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों का पता लगाने के लिए अभियान शुरू कर दिया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'साड़ी क्यों नहीं लाए?' जरा सी बात पर फूटा पत्नी का गुस्सा, पहले कुकर के ढक्कन से हमला, फिर गला दबाकर पति को मार डाला
द रेजिस्टेंस फोर्स ने ली हमले की जिम्मेदारी
इस बीच, आतंकी संगठन 'द रेजिस्टेंस फोर्स' (TRF) के 'फाल्कन दस्ते' ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। आपको बता दें कि टीआरएफ की स्थापना साल 2019 में लश्कर-ए-तैयबा द्वारा पाकिस्तानी मदद से की गई थी। केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाए जाने के बाद इस संगठन को खड़ा किया गया था। भारत सरकार ने 5 जनवरी 2023 को TRF को अधिकारिक तौर पर एक आतंकवादी संगठन घोषित कर प्रतिबंधित कर दिया था।
इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी
घटना के तुरंत बाद पूरे अनंतनाग शहर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों ने लाल चौक और आसपास के इलाकों की पूरी तरह से घेराबंदी कर ली है। हमलावर आतंकियों की तलाश में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा या ढेर किया जा सके। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
