बिजनेस

क्या आप भी ले रहे हैं AI से पैसे से जुड़ी टिप्स? आपकी एक छोटी-सी लापरवाही कहीं आप पर ही न पड़ जाए भारी

क्या आप भी पैसे से जुड़ी जानकारियों के लिए एआई का इस्तेमाल करते हैं? अगर हां तो आपको यह समझने की जरूरत है कि एआई को हर तरह की प्राइवेट जानकारियां देना आपकी सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है।

Image

एआई का भूलकर भी ऐसे न करें इस्तेमाल (AI Generated Image)

आज के डिजिटल दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। हर दूसरा इंटरनेट यूजर पढ़ाई, नौकरी, बिजनेस से लेकर निवेश और पैसों से जुड़े फैसलों के लिए भी AI टूल्स की मदद लेने लगा है। कई लोग AI से पूछते हैं कि कहां निवेश करें, कितना बचत करें, लोन लेना सही होगा या नहीं और किस तरह अपनी वित्तीय योजना (ai financial advice) बनाएं। हालांकि, आपको यह समझने की जरूरत है कि AI से वित्तीय सलाह लेते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, क्योंकि इस दौरान साझा की गई निजी और आर्थिक जानकारी आपकी सुरक्षा को भी खतरे में डाल सकती है।

AI को जानकारी देने से पहले बरतें सावधानी

जब कोई व्यक्ति AI टूल से पैसे से जुड़ा सवाल पूछता है तो कई बार वह अपनी व्यक्तिगत जानकारी भी साझा कर देता है। इसमें बैंक बैलेंस, आय, खर्च, निवेश की जानकारी, लोन की डिटेल या अन्य वित्तीय रिकॉर्ड शामिल हो सकते हैं। ऐसी संवेदनशील जानकारी को किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर साझा करने से पहले यह समझना जरूरी है कि उस डेटा का इस्तेमाल किस तरह किया जा सकता है।

जानकारों की मानें तो AI से सामान्य वित्तीय जानकारी या योजना बनाने में मदद ली जा सकती है, लेकिन अपनी पहचान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जैसे बैंक अकाउंट नंबर, क्रेडिट कार्ड डिटेल, पासवर्ड या प्राइवेसी से जुड़ी दूसरी जानकारियां कभी साझा नहीं करनी चाहिए।

AI की सलाह को अंतिम फैसला न मानें

AI टूल तेजी से जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं, लेकिन वे किसी प्रमाणित वित्तीय सलाहकार की जगह नहीं ले सकते। निवेश, बीमा, टैक्स या बड़े आर्थिक फैसले लेते समय केवल AI की सलाह पर निर्भर रहना जोखिम भरा हो सकता है। AI द्वारा दी गई जानकारी कई बार सामान्य परिस्थितियों पर आधारित होती है। हर व्यक्ति की आर्थिक स्थिति, लक्ष्य और जोखिम उठाने की क्षमता अलग-अलग होती है। इसलिए किसी भी निवेश निर्णय से पहले खुद रिसर्च करना या विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर विकल्प हो सकता है।

कौन-सी जानकारी शेयर करने से बचें?

AI से बातचीत करते समय कुछ खास जानकारियां साझा करने से बचना चाहिए-

  • बैंक अकाउंट नंबर और पासवर्ड
  • क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड की पूरी जानकारी
  • आधार, पैन या अन्य पहचान संबंधी दस्तावेजों की जानकारी
  • नेट बैंकिंग लॉग-इन डिटेल
  • निवेश खाते से जुड़ी जानकारियां

इन जानकारियों का गलत इस्तेमाल होने पर आर्थिक नुकसान का खतरा बढ़ सकता है।

AI का सुरक्षित तरीके से ऐसे करें इस्तेमाल

AI का इस्तेमाल करते समय कुछ आसान सावधानियां अपनाकर जोखिम को कम किया जा सकता है। अपनी आर्थिक स्थिति बताने के लिए हमेशा अनुमानित आंकड़ों का इस्तेमाल करें। उदाहरण के लिए, वास्तविक बैंक बैलेंस बताने के बजाय अपनी आय और खर्च का सामान्य जानकारी दी जा सकती है।

इसके अलावा, AI प्लेटफॉर्म की प्राइवेसी पॉलिसी को समझना भी जरूरी है। यह जानना चाहिए कि आपकी बातचीत और साझा की गई जानकारी को किस तरह संभाला जाता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article