Severe Heat in Delhi NCR: दिल्ली के लोग भीषण गर्मी और लू का डबल अटैक झेल रहे हैं। दिन के साथ-साथ अब रात में भी गर्मी से चैन नहीं मिल रहा है। एक और जहां दोपहर में सूरज की तपती निगाहें लोगों को घर में कैद होने को मजबूर कर रही हैं, वहीं रात के समय भी पसीने से हाल बेहाल हो रहा है। सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों का तापमान 48 डिग्री के पार पहुंच गया। अगले दो दिनों तक राजधानी में लू से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने 29 मई तक के लिए लू और भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं कि राजधानी में मानसून की दस्तक कब तक होने वाली है।
आज दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज दिल्ली में आसमान साफ रहने वाला है। कई जगहों पर लू और कुछ इलाकों में भीषण लू चलने की भी संभावना है। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 46 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रह सकता है। जिसके बाद कल भी हीटवेव का रेड अलर्ट जारी रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 46 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रह सकता है। 30 मई को गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिसके बाद 31 मई को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे।
इस दिन बरसेंगे मेघ
दिल्ली में 31 मई को अरब सागर से नमी भरी हवाएं आएंगी, इससे तापमान में कमी देखने को मिलेगी। लेकिन गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। जून की शुरुआत हल्की बारिश से होने की संभावना है। एक जून को आंधी आने की भी आशंका है। इस दौरान पारा लुढ़केगा और 43 डिग्री तक रह जाएगा। वहीं न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज हो सकता है। इसके बाद 2 जून को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
कब आएगा मानसून
दिल्ली में मानसून के प्रवेश को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि रिपोर्टों से जानकारी मिली है कि 27 जून से राजधानी में मानसून दस्तक दे सकता है।
ये इलाके रहे सबसे गर्म
दिल्ली में सोमवार को लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री से अधिक रहा और हीट इंडेक्स 47 डिग्री दर्ज हुई। इसका मतलब ये हैं कि 45 डिग्री के तापमान में लोगों को 47 डिग्री वाली गर्मी का अहसास हुआ। दिल्ली के सबसे गर्म इलाकों में मंगेशपुर का तापमान 48.8 डिग्री, नजफगढ़ का 48.6 डिग्री, नरेला का 48.4 डिग्री, पीतमपुरा का 47.6 डिग्री, जाफरपुर का 47.2 डिग्री और पूसा का 47.2 डिग्री दर्ज हुआ।
| जगह का नाम | तापमान (डिग्री सेल्सियस) |
| मंगेशपुर | 48.8 |
| नजफगढ़ | 48.6 |
| नरेला | 48.4 |
| पीतमपुरा | 47.6 |
| जाफरपुर | 47.2 |
| पूसा | 47.2 |
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
