शहर

शाहदरा में AAP नेता के ऑफिस पर गोलीबारी, पास में ही सिक्किम के राज्यपाल का निवास, फायरिंग के बाद फरार हुए बदमाश

AAP Leader Office Firing: जिस इलाके में फायरिंग हुई, वहीं पास में ही सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम का निवास स्थान भी है। ऐसे में यह इलाका हाई सिक्योरिटी जोन माना जाता है। यहां दिनदहाड़े हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Image

आप नेता के कार्यालय पर फायरिंग (फोटो साभार- TNN)

AAP Leader Office Firing: राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शाहदरा जिले में आम आदमी पार्टी के जिला युवा विंग अध्यक्ष अभिषेक धिंगान के कार्यालय पर बदमाशों ने सरेआम 6 राउंड गोलियां चला दीं। गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि बदमाश अचानक कार्यालय के बाहर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। गनीमत रही कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन कार्यालय में काफी नुकसान होने की बात कही जा रही है।

पास में ही सिक्किम के राज्यपाल का निवास स्थान

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जिसने मौके से खोखे बरामद किए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बदमाशों ने गोली क्यों चलाई। क्या यह आपसी रंजिश का मामला है, रंगदारी की कोशिश है या फिर राजनीतिक रंजिश, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। इस घटना की एक और अहम वजह यह है कि जिस इलाके में फायरिंग हुई, वहीं पास में ही सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम का निवास स्थान भी है। ऐसे में यह इलाका हाई सिक्योरिटी जोन माना जाता है। यहां दिनदहाड़े हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

घटना के बाद मौके पर लगी AAP कार्यकर्ताओं की भीड़

घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जमा हो गए। कार्यकर्ताओं ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि के कार्यालय पर इस तरह सरेआम फायरिंग होना बेहद चिंताजनक है। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया और भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से बदमाशों की पहचान हो जाएगी और उनकी बाइक या गाड़ी का नंबर भी सामने आ जाएगा। इसके अलावा पुलिस इलाके के संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शाहदरा जिले में हुई इस फायरिंग के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त भी बढ़ा दी है, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article