DUSU Elections: कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव से एक दिन पहले गुरुवार को आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन दोहरा मापदंड अपना रही है तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को ''गुंडागर्दी'' की खुली छूट मिली हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए देशभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव होने चाहिए। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के प्रभारी कन्हैया कुमार ने कहा कि देश के 700 से अधिक विश्वविद्यालयों में से केवल कुछ संस्थानों में ही छात्र संघ चुनाव होते हैं।
'NSUI कार्यकर्ताओं पर हुए हमले'
कन्हैया कुमार ने कहा, ''छात्रों को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के बारे में जानना चाहिए...छात्र राजनीति युवाओं को सार्वजनिक मुद्दों को समझने और राजनीतिक जागरूकता विकसित करने में मदद करती है।'' कन्हैया कुमार ने आरोप लगाया कि डूसू चुनाव प्रचार के दौरान एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं, नेताओं और उम्मीदवारों पर व्यक्तिगत हमले किए गए तथा ''गुंडागर्दी'' की गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'हम इलेक्शन रद्द कर देंगे...', DUSU चुनाव में गुंडागर्दी और नियमों के उल्लंघन को लेकर हाई कोर्ट नाराज
कन्हैया ने पुलिस-प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
कन्हैया कुमार ने दावा किया कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए अभद्र भाषा और व्यक्ति की पहचान के आधार पर हिंसा का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस पर ''दोहरा मापदंड'' अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है, हिरासत में लिया जा रहा है और उनकी प्रचार सामग्री जब्त की जा रही है, जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) को लिंगदोह समिति की सिफारिशों का बार-बार उल्लंघन करने की अनुमति दी जा रही है।
कन्हैया कुमार ने कहा, ''हम गांधी (महात्मा गांधी) के सिद्धांतों के अनुयायी हैं और संविधान में विश्वास रखते हैं। गुंडागर्दी, पारदर्शिता की कमी और मनमानी के खिलाफ हमारा अभियान जारी रहेगा।''
