शहर

दिल्ली-NCR के मौसम को लेकर आई चेतावनी; IMD और एक्सपर्ट्स का अनुमान- तेज हवाओं के साथ होगी झमाझम बारिश

Delhi Rain Alert: मौसम विभाग ने दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया के मुताबिक, शाम 5 से 7 बजे के बीच नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में आंधी के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है। आइए जानते हैं अपडेट।

Image

दिल्ली में बदलने वाला है मौसम (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Delhi-NCR Rain Alert: दिल्ली-NCR के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस के बाद आज शाम मौसम का मिजाज बदलने सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और निजी मौसम विशेषज्ञों ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इस बदलाव से तापमान में भारी गिरावट आएगी और शाम सुहावनी होने की उम्मीद है।

मौसम विभाग का येलो अलर्ट: इन जिलों में दिखेगा असर

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के तात्कालिक चेतावनी के मुताबिक दिल्ली के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, शाम साढ़े 6 बजे तक पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और दक्षिण-पूर्व दिल्ली जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान दिल्ली के इन हिस्सों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञ ने भी आंधी और बारिश के लिए चेताया

दूसरी ओर, मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया (Navdeep Dahiya) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर दिल्ली-NCR के मौसम को लेकर एक बड़ा अपडेट साझा किया है। नवदीप दहिया के भविष्यवाणी के मुताबिक, आज शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के विभिन्न हिस्सों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की बेहद तेज रफ्तार वाली तूफानी हवाओं (Gusty Winds) के साथ मध्यम से भारी बारिश (Moderate to Heavy Rains) देखने को मिल सकती है। दहिया ने यह भी बताया कि किसी भी एक स्थान पर बारिश के इस दौर की अवधि लगभग 30 से 45 मिनट तक रहेगी। इस तेज बारिश के कारण दिल्ली-NCR के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को पिछले कई दिनों से परेशान कर रही उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

ऑफिस से घर निकलने वाले रहें सावधान

शाम 5 से 7 बजे के बीच होने वाली इस बारिश और तेज आंधी के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी कम हो सकती है, वहीं तेज हवाओं के कारण यातायात प्रभावित होने की भी आशंका है। ऐसे में मौसम विभाग और विशेषज्ञों ने दफ्तर से घर लौट रहे कामकाजी लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी है। इस बारिश के बाद दिल्ली-NCR में कल तापमान में कुछ नरमी की भी उम्मीद की जा सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article