Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने के साथ शनिवार से बारिश का सिलसिला शुरू होने और अगले कई दिनों तक जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, 12 से 16 सितंबर के बीच दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर आने की संभावना है। बारिश के कारण दिन के तापमान में भी कमी देखने को मिलेगी। वहीं, बारिश और चल रही हवाओं का असर दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर भी पड़ा है और हवा पहले के मुकाबले काफी साफ हुई है।
आज ऐसा रहने वाला है मौसम
आज 12 सितंबर को राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह के समय आर्द्रता लगभग 85 प्रतिशत रह सकती है, जो बाद में घटकर करीब 55 प्रतिशत तक आ सकती है। पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले दिन यानी 13 सितंबर को अधिकतम तापमान बढ़कर 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उमस बढ़ने के साथ आर्द्रता करीब 90 प्रतिशत तक रहने की संभावना है। हालांकि, बादल छाए रहने और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
बारिश की संभावना पिछले दिनों की तुलना में कम होगी
14 सितंबर को तापमान में फिर मामूली गिरावट आने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इस दिन भी आसमान में बादल बने रहेंगे और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। 15 सितंबर को न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जाने का अनुमान है, जबकि बारिश की गतिविधि हल्के स्तर पर जारी रह सकती है। 16 सितंबर को अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बादलों के बीच हल्की बारिश होने के आसार बने रहेंगे। 17 सितंबर से मौसम में धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिल रहे हैं। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है, लेकिन बारिश की संभावना पिछले दिनों की तुलना में कम होगी।
शाम 6 बजे तेज बारिश का अनुमान
इस बीच ताजा मौसम अपडेट के अनुसार, शनिवार को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे के बीच दिल्ली-एनसीआर के अलावा हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। हालांकि, यह बारिश लंबे समय तक टिकने वाली नहीं होगी। मौसम के यह दौर तेजी से आगे बढ़ेगा और किसी एक स्थान पर बारिश की अवधि करीब 30 मिनट तक ही रहने की संभावना है। इस दौरान लगभग 30 से 60 प्रतिशत क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान है।
