Delhi NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मानसून ने अपना असर दिखाया है और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है। बारिश के बाद लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, जबकि तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले मौसम विभाग ने एक वेदर अपडेट जारी करते हुए बताया था कि दिल्ली-एनसीआर के ऊपर गरज-चमक वाले बादल बनने लगे थे, जिनके दोपहर तक और सक्रिय होने की संभावना थी। मौसम वैज्ञानिकों ने यह भी बताया था कि मौसम की यह गतिविधि अगले कुछ घंटों में बारिश का दौर बढ़ा सकती है।
शाम 6 से 7 बजे के बाद बारिश की संभावना कम
दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे के बीच दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं, ऐसा IMD का अनुमान था। वहीं, गुरुग्राम के कुछ इलाकों में दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे के बीच बारिश होने की संभावना थी। कहा यह भी गया था कि पूरे एनसीआर में बारिश का कवरेज एक जैसा नहीं रहेगा। करीब 40 से 60 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश होने का अनुमान है, यानी कई इलाकों में मौसम सूखा भी रह सकता है। जिन स्थानों पर तेज बारिश होगी, वहां करीब 30 से 60 मिनट तक मूसलाधार बौछारें पड़ सकती हैं। कम समय में तेज बारिश होने से निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। वहीं, शाम 6 से 7 बजे के बाद बारिश की संभावना काफी कम रहने का अनुमान है।
दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में कल यानी मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर तक अधिकांश इलाकों में एक-दो दौर की बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के आसार हैं। इसके बाद शाम या रात के समय एक बार फिर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1.6 से 3 डिग्री कम, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है। सुबह दक्षिण-पूर्व दिशा से हवाएं करीब 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जो दोपहर में घटकर 15 किमी और शाम-रात में करीब 12 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
