मॉनसून की एंट्री के बाद मौसम की बेरुखी
मॉनसून की एंट्री के बाद 2 से तीन दिन अत्यधिक बारिश होने के बाद मौसम का मिजाज नरम पड़ गया, जिससे सिर्फ मामूली बारिश ही देखने को मिली। जहां लोगों को गर्मी से राहत की उम्मीद थी, वो तो शुरुआती बारिश के दौरान जरूर महसूस हुई, लेकिन बाद में उमस ने बेचैन करके रखा है। बुधवार को भी मौसम की बेरुखी जारी रही। दिन में बादलों की आवाजाही के बीच धूप खिली। दोपहर 2 बजे के आसपास बादलों की वापसी हुई और कहीं तेज तो कही बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ। इस दौरान नोएडा में तेज बारिश देखने को मिली। वहीं, एनसीआर में कहीं-कहीं लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं। बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 61 से 98 प्रतिशत तक रहा।
चिपचिपाहट से लोग परेशान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार को बादल छाए रहेंगे। इस दौरान दिन में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच 10 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहेगा। यानी अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाएगा। इधर, नोएडा-गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी आसमान में बादल छाए हैं, लेकिन बारिश का लोग इंतजार कर रहे हैं। राजधानी दिल्ली के साथ इन इलाकों में उमस है। कुल मिलाकर पंखे, कूलर तरावट नहीं दे पा रहे हैं। उमस और चिपचिपाहट परेशान कर रही है।
15 दिन भारी बारिश के आसार नहीं
इधर, आईएमडी ने बारिश को लेकर अपडेट दिया है कि अगले 15 दिन बारिश के बहुत अधिक आसार नहीं हैं। लेकिन, 12 जुलाई को तेज बारिश दर्ज की जा सकती है। 16 जुलाई को तेज बारिश का अंदेशा है। अगर, बात प्रदूषण की करें तो इसमें भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदूषण सामान्य स्तर से तक पहुंच गया है। आज भी प्रदूषण सामान्य स्तर पर रहेगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, राजधानी में एक्यूआई 138 पर पहुंच गया है। फरीदाबाद में 174, ग्रेटर नोएडा में 186, नोएडा में 117, गाजियाबाद में 162 और गुरुग्राम में 139 दर्ज किया गया।
