शहर

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, बस-ट्रक में टक्कर के बाद लगी आग; 8 लोगों की मौत

राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक और बस में जोरदार टक्कर हो गई। जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। कई यात्रियों के बस में फंसे होने की भी आशंका है। घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है।

Image

दौसा में बड़ा सड़क हादसा, बस और ट्रक में टक्कर के बाद लगी आग

Photo : Times Now Digital

Dausa Accident News: राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों से भरी बस की ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। जिसके बाद दोनों वाहनों में भयंकर आग लग गई। जिससे बस में सवार कई यात्री आग की चपेट में आ गए। इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, बस के अंदर कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

टक्कर के बाद बस और ट्रक में लगी भीषण आग

यह हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के द्वारापुरा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के 169 चेनेज नंबर पर हुआ। बस हरिद्वार से इंदौर जा रही थी। तभी रास्ते में इसी एक ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक दोनों में तुरंत आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण बस में सवार यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए बनाया ग्रीन कॉरिडोर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में चालक और परिचालक समेत कुल 39 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि अधिकांश यात्री मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। कुछ यात्रियों के साथ छोटे बच्चे भी यात्रा कर रहे थे। जिसे देखते हुए मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर बनाया, जहां से घायलों को तेजी से दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के कारणों की जांच जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीयूष दीक्षित, जिला कलेक्टर सौम्या झा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं दौसा जिला अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) योगेंद्र फौजदार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। फिलहाल घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article