शहर

VIDEO: दिल्ली के मॉडल टाउन में बहुमंजिला इमारत में धधकी आग, काले घुएं का उठा गुबार; 30 लोगों का सफल रेस्क्यू

Delhi Model Town Fire: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में शुक्रवार को एक इमारत की दूसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 25 गाड़ियों ने मोर्चा संभाला।

Image

दिल्ली के मॉडल टाउन में आग से मचा हड़कंप

Photo : ANI

Delhi Model Town Fire: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में शुक्रवार को एक बहुमंजिला इमारत में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस बहुमंजिला इमारत में हल्दीराम का आउटलेट और कई अन्य दुकानें हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 25 गाड़ियों ने मोर्चा संभाला।

राहत एवं बचान अभियान

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आग की सूचना के बाद पुलिस और दमकल विभाग ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। तकरीबन 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों के मुताबिक, बहुमंजिला इमारत में दोपहर करीब दो बजे आग लगी। इस घटना के तत्काल बाद मौके पर सबसे पहले मॉडल टाउन थाने में तैनात हेड कांस्टेबल पवन पहुंचे और उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को आग की जानकारी दी।

दिल्ली फायर सर्विस को दोपहर करीब 2:40 बजे आग लगने की सूचना मिली। अधिकारियों ने बताया कि जैसे-जैसे आग की तीव्रता बढ़ती गई, दमकल विभाग ने एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म समेत 23 यूनिट तैनात कीं।

30 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने प्रभावित इमारत के साथ-साथ आस-पास की इमारतों में रहने वालों को भी सुरक्षित निकाला।अधिकारियों के अनुसार, कुल करीब 30 लोगों को सुरक्षित बचाया गया।

कैसे लगी आग?

घटना के दौरान इमारत से घना धुआं निकलता दिखाई दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, जांच के बाद ही पुख्ता जानकारी मिल पाएगी। दमकल विभाग के मुताबिक, करीब 4 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से इमारत में मौजूद लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article