बिजनेस

SIP से मोहभंग तो PPF से बनें करोड़पति, समझिए जीरो-रिस्क और 100% गारंटीड रिटर्न का पूरा गणित

क्या आपको पता है कि आप बिना रिस्क लिए भी पीपीएफ में निवेश कर करोड़पति बन सकते हैं। हम आपको पूरा कैलकुलेशन बना सकते हैं।

Image

PPF से करोड़पति बनें

पिछले दो साल से भारतीय शेयर बाजार ने SIP निवेशकों को निराश किया है। बाजार में गिरावट से अधिकांश म्यूचुअल फंड ने निगेटिव या मामूली रिटर्न दिया है। इससे सिप निवेशकों को नुकसान हुआ है। ऐसे में अगर आपका सिप से मोहभंग हो गया तो आप बिना रिस्क लिए पीपीएफ से भी करोड़पति बन सकते हैं। आज हम आपको बता रहे हैं कि कैसे आप PPF में निवेश कर करोड़पति बन सकते हैं।

पीपीएफ से 25 साल में बन सकते हैं करोड़पति

पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) निवेश के सबसे लोकप्रिय विकल्पों में से एक है। इसमें अनुशासित तरीके से निवेश करके आप करोड़पति बन सकते हैं। अगर आप 21 साल की उम्र में PPF खाता खोलते हैं, तो आप 46 साल की उम्र तक आसानी से करोड़पति बन सकते हैं। PPF पर अभी 7.1% की ब्याज दर मिल रही है। यह उन लोगों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है जो जोखिम नहीं लेना चाहते, या जो निश्चित आय वाले निवेश की तलाश में हैं।

PPF खाता कौन खोल सकता है?

भारत का कोई भी निवासी अपने नाम से एक PPF खाता खोल सकता है। इसके अलावा, कोई व्यक्ति अपने नाबालिग बच्चे, या मानसिक रूप से बीमार या बौद्धिक रूप से अक्षम व्यक्ति के लिए उनके अभिभावक (गार्जियन) के रूप में PPF खाता खोल सकता है। हालांकि, PPF में जॉइंट अकाउंट खोलने की सुविधा नहीं है। हर नाबालिग या आश्रित के लिए केवल एक ही खाता खोला जा सकता है, और वह भी किसी अभिभावक के जरिए।

PPF खाते पोस्ट ऑफिस, चुनिंदा बैंकों और ई-बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से खोले जा सकते हैं। इसमें एक वित्त वर्ष में निवेश की न्यूनतम सीमा 500 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये है। इसमें एक बार में पूरी रकम जमा की जा सकती है या फिर कई किस्तों में पैसे डाले जा सकते हैं।

PPF के जरिए करोड़पति कैसे बनें?

PPF खाते को 15 साल की लॉक-इन अवधि के बाद भी आगे बढ़ाने की सुविधा आपको कंपाउंडिंग का लाभ उठाने का मौका देती है। PPF निवेश का सबसे बड़ा फायदा कंपाउंडिंग ही है। आपका पैसा न केवल हर साल आपके द्वारा जमा की गई रकम पर बढ़ता है, बल्कि समय के साथ मिलने वाले ब्याज पर भी ब्याज जुड़ता जाता है, जिससे एक फंड जमा हो जाता है।

PPF से कैसे बन सकते हैं करोड़पति?

अगर आप हर साल PPF में अधिकतम ₹1.5 लाख निवेश करते हैं और 15 साल की अनिवार्य अवधि के बाद भी निवेश जारी रखते हैं, तो 25 साल में ₹1 करोड़ से ज्यादा का फंड बना सकते हैं। आइए नीचे टेबल से समझते हैं।

अनुमानित ब्याज दर: 7.10% सालाना

विवरण15 साल20 साल25 साल30 साल
ब्याज दर7.10%7.10%7.10%7.10%
कुल फंड में ग्रोथ (%)44.69%54.94%63.62%70.88%
कुल निवेश (₹)22,50,00030,00,00037,50,00045,00,000
अनुमानित ब्याज (₹)18,18,20936,58,28865,58,0151,09,50,911
मैच्योरिटी पर कुल फंड (₹)40,68,20966,58,2881,03,08,0151,54,50,911
नोट: यह गणना 7.10% सालाना ब्याज दर और हर साल ₹1.5 लाख निवेश की धारणा पर आधारित है। वास्तविक रिटर्न भविष्य में लागू PPF ब्याज दरों और निवेश के समय पर निर्भर करेगा।
Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article