Delhi Metro News: दिल्ली-NCR में ट्रैफिक जाम और लंबी दूरी के सफर की परेशानी झेल रहे लाखों लोगों के लिए राहतभरी की खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने फेज-V(B) के तहत एक नया मेट्रो कॉरिडोर बनाने की तैयारी शुरू की है। यह नई लाइन शास्त्री पार्क और मयूर विहार फेज-3 को जोड़ेगी। इस मेट्रो कॉरिडोर के शुरू होने से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोगों का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा।
13.2 किलोमीटर लंबा होगा नया रूट
DMRC के मुताबिक, यह नया मेट्रो कॉरिडोर लगभग 13.2 किलोमीटर लंबा होगा। जिसमें कुल 8 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें से 3 स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे और 5 स्टेशन एलिवेटेड बनाए जाएंगे। यह कॉरिडोर मयूर विहार फेज-3, न्यू कोंडली, पटपड़गंज, गीता कॉलोनी, गांधी नगर मार्केट और कैलाश नगर जैसे प्रमुख इलाकों को जोड़ेगा। इससे हजारों यात्रियों को रोजाना मिलने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। साथ ही यात्रा का समय भी काफी कम होगा।
फेज-V(B) में बनेंगे 7 नए मेट्रो रूट
दिल्ली मेट्रो फेज-V(B) के तहत कुल 7 नए मेट्रो रूट बनाने की योजना है। इस पूरे नेटवर्क की लंबाई 97.16 किलोमीटर होगी और इसमें 65 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट के तहत अन्य प्रस्तावित रूट्स में धंसा बस स्टैंड-नांगलोई, केंद्रीय सचिवालय-किशनगढ़, समयपुर बादली-नरेला, कीर्ति नगर-पालम, जोर बाग-मीठापुर और केशवपुरम-रोहिणी सेक्टर 34 शामिल हैं।
पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोगों को फायदा
नई मेट्रो लाइन तैयार होने के बाद पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोगों को ऑफिस, बाजार और अन्य इलाकों तक आवाजाही करने में काफी सुविधा होगी। साथ ही सड़कों पर वाहनों का दबाव बी कम होगा। जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या तो कम होगी, साथ ही प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है। DMRC का मानना है कि नए मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण से राजधानी के अलग-अलग हिस्सों तक कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। साथ ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट को और मजबूती मिलेगी।
