शहर

कांवड़ यात्रा के बीच सफर होगा आसान, हर 8 मिनट में मिलेगी दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन; 52 अतिरिक्त फेरे चलाएगी NCRTC

कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए एनसीआरटीसी ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर विशेष व्यवस्था की है। 30 जुलाई से 14 अगस्त तक नमो भारत ट्रेनें रोजाना 52 अतिरिक्त फेरे लगाएंगी, जिससे ट्रेनों की उपलब्धता हर आठ मिनट पर होगी।

Image

कांवड़ यात्रा के बीच दिल्ली-मेरठ के यात्रियों को बड़ी राहत!

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi-Meerut Namo Bharat: कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने एक बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को निगम ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की संभावित वृद्धि के मद्देनजर दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 30 जुलाई से नमो भारत प्रतिदिन 52 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इसके साथ ही नमो भारत ट्रेन अब हर आठ मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी। एनसीआरटीसी ने एक बयान में बताया कि वर्तमान में नमो भारत ट्रेनें 10 मिनट के अंतराल पर चलती हैं।

सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच ट्रेनों के 52 अतिरिक्त फेरे

आधिकारिक बयान में कहां गया है कि, 30 जुलाई से 14 अगस्त तक सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच ट्रेनें 52 अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। परिवहन निगम ने बताया कि जरूरत पड़ने पर ट्रेनों की आवृत्ति और बढ़ाई जा सकती है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर वर्तमान में प्रतिदिन औसतन करीब एक लाख यात्री सफर कर रहे हैं और कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनों के अलावा मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा भी उपलब्ध है, जिससे शहर के अंदर यात्रियों की आवाजाही आसान हो रही है।

कांवड़ यात्रा के दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू

एनसीआरटीसी ने आगे बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू होने और कुछ स्थानों पर सड़कें बंद रहने से सड़क परिवहन प्रभावित होता है। निगम के मुताबिक, ऐसे में नमो भारत सेवा तेज, समयबद्ध और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन विकल्प उपलब्ध कराएगी, जिससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और कार्यालय जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। निगम ने यह भी बताया कि सड़क बंद होने की स्थिति में कुछ नमो भारत स्टेशनों पर सीमित अवधि के लिए पार्किंग सुविधा प्रभावित हो सकती है, ऐसी स्थिति में यात्रियों को समय रहते इसकी जानकारी दी जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article