MCD Sealing Drive: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अवैध और जर्जर इमारतों पर दिल्ली नगर निगम (MCD) का चाबुक लगातार चल रहा है। एमसीडी प्रशासन ने खतरनाक और बिना अनुमति बने निर्माणों के खिलाफ अपने अभियान को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को भी निगम की टीमों ने सख्त कदम उठाते हुए 11 अवैध निर्माणों को ढहा दिया, जबकि 4 संपत्तियों को पूरी तरह सील कर दिया।
एमसीडी अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस महीने यानी 1 सितंबर से 13 सितंबर तक निगम अब तक कुल 213 ध्वस्तीकरण की कार्रवाइयां कर चुका है। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाली 109 संपत्तियों पर सीलिंग की गाज भी गिर चुकी है। यह पूरी कार्रवाई एमसीडी के सभी 12 जोनों के अलग-अलग इलाकों में बड़े पैमाने पर चलाई जा रही है, जिससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: बाढ़ से कराह रहा बिहार, 575 गांव डूबे, 48 लाख लोग प्रभावित; इस बीच आई राहत की बड़ी खबर
शनिवार को भी एमसीडी ने 33 जगहों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
रविवार को दक्षिण-पश्चिम जोन के बिजवासन, उत्तर-पूर्व जोन की दिलशाद कॉलोनी व दिलशाद गार्डन और पुरानी दिल्ली जोन के विभिन्न हिस्सों में बुलडोजर और हथौड़े चले। इसके अलावा पूर्वी दिल्ली और पुरानी दिल्ली के कुछ इलाकों में व्यावसायिक व आवासीय नियमों के उल्लंघन पर संपत्तियों को सील करने का काम किया गया। इससे पहले शनिवार को भी एमसीडी ने 33 जगहों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करते हुए 5 संपत्तियों को सील किया था।
6 सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में हुआ था भयानक हादसा
निगम की इस अचानक बढ़ी सख्ती की मुख्य वजह 6 सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में हुआ भयानक हादसा है। वहां छात्रों के पीजी (PG) के रूप में इस्तेमाल हो रही एक बहुमंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई थी, जिसमें 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद से ही एमसीडी हरकत में आई और दिल्ली भर में बिना सुरक्षा मानकों के बनी इमारतों को चिह्नित कर उन्हें ढहाने का विशेष अभियान शुरू कर दिया गया, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
