शहर

Delhi News: नवजात के जन्म का जश्न बना मातम, चाकूबाजी में युवक की मौत; भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों में की तोड़फोड़

Delhi News: पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी में जन्मदिन मना रहे शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव में परिवार के दो सदस्य भी घायल हुए।पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, एक अन्य की तलाश जारी है।

Image

दिल्ली के कल्याणपुरी में जन्मदिन मना रहे युवक की चाकू से हत्या

Photo : Times Now Digital

Delhi Murder News: दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में बेटे का जन्मदिन मना रहे एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस दौरान परिवार के दो लोग युवक को बचाने के लिए पहुंचे, लेकिन चाकू लगने से दोनों सदस्य घायल हो गए। इस घटना से स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साई भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों और कई सरकारी मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ कर दी। जिससे इलाके में तनाव फैल गया। घटना के बाद भारी पुलिस बल को इलाके में तैनात किया गया है।

शराब कहां मिलती है, इस सवाल से शुरू हुआ विवाद

यह घटना कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के 11 ब्लॉक की है। मृतक की पहचान जय सिंह के रूप में हुई है। मृतक की सास के मुताबिक, जय सिंह अपने नवजात बच्चे के जन्म की खुशी में परिवार के साथ जश्न मना रहा था। इसी दौरान दो किन्नर वहां पहुंचे और जय से शराब मिलने की जगह के बारे में पूछा। इसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि एक किन्नर समेत तीन आरोपियों ने जय सिंह पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के दो सदस्य भी हमले में घायल हुए हैं। दोनों का इलाज लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में चल रहा है।

हत्या के बाद भड़की भीड़, पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़

हत्या की खबर फैलते ही मृतक के परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने कल्याणपुरी थाना एसएचओ की गाड़ी और कई पुलिसकर्मियों की मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ कर दी। हालात को देखते हुए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। अस्पताल परिसर को सुरक्षा के लिहाज से छावनी में तब्दील कर दिया गया।

शव को लेकर भी हुआ हंगामा

जानकारी के मुताबिक, पुलिस शव को अस्पताल लेकर पहुंची थी। इसी दौरान परिवार के कुछ लोगों ने पुलिस के साथ कथित तौर पर हाथापाई की और अस्पताल के स्ट्रेचर समेत शव को लेकर वहां से चले गए। बाद में पुलिस शव को लेने के लिए परिवार के घर पहुंची। यहां भी लोगों ने पुलिस का विरोध किया और उनकी गाड़ी व सरकारी मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें एक किन्नर और एक अन्य आरोपी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि गुस्साई भीड़ ने एक आरोपी के घर में आग लगा दी और घर का सामान सड़क पर फेंक दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के साथ-साथ पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ और अन्य घटनाओं को लेकर भी जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article