दिल्ली में आज का मौसम (23 April 2026): दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं। दिन में सूरज के भी तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं। आज से राजधानी में लू का प्रकोप भी झेलना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने आज से अगले तीन दिनों के लिए दिल्ली-NCR में लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। बुधवार को भी हीटवेव का अलर्ट जारी हुआ था। लेकिन लू नहीं चली, हालांकि दिन भर गर्म हवाओं के चलते लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली में 23 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज अधिकांश इलाकों में लू चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। आज नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान दिन में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। राजधानी में 24 और 25 अप्रैल को भी लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
दिल्ली में रिज रहा सबसे गर्म इलाका
बुधवार को दिल्ली में इस सीजन का दूसरा सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 17 अप्रैल को दिन का पारा 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। बुधवार को रिज एरिया में 42.1 डिग्री तापमान रहा, जो राजधानी का सबसे गर्म इलाका रहा। इसके अलावा आया नगर में 41.4 डिग्री, लोधी रोड इलाके में 40.8 डिग्री और पालम में 40.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
कब होता है हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 या 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक हो जाता है, या वास्तविक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला जाता है, तो लू की घोषणा की जाती है।
