दिल्ली में आज का मौसम (19 June 2026): भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप झेल रहे दिल्ली-NCR के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के शहरों में मौसम बदलने का बड़ा पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण दिल्ली और उससे सटे इलाकों में अगले कुछ ही घंटों के भीतर मौसम करवट ले सकता है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से निजात मिलेगी।
पूरी दिल्ली में 'येलो अलर्ट' जारी, आंधी-तूफान की संभावना ( Delhi Weather Today)
मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार) के लिए पूरी दिल्ली में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। दोपहर बाद या शाम के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश (Spell of Light Rain) हो सकती है।
मौसम की सबसे बड़ी हलचल हवाओं की रफ्तार में देखने को मिलेगी। विभाग के अनुसार, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है, जिसके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
इससे पहले बीते गुरुवार को दिल्ली के सफदरजंग बेस स्टेशन पर अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि रिज इलाके में यह 40.3 डिग्री और आयानगर में 40.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।
अगले 48 घंटों के बाद गिरेगा पारा
आईएमडी के मुताबिक, आगामी दो दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। हालांकि, इसके ठीक बाद के 48 घंटों में मौसम में व्यापक सुधार होगा और प्री-मानसूनी गतिविधियों के चलते तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आएगी, जिससे उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- आज किस जगह पर है सुस्त पड़ा मानसून, 12 राज्यों पर मंडरा रहा सूखे का खतरा
आगे कैसा रहेगा NCR के शहरों का मौसम पूर्वानुमान
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में भी अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर प्री-मानसून की फुहारें पड़ती रहेंगी। आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू होगा। जिसके चलते अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री के आसपास रहेगा। 20 जून को बारिश का सिलसिला जारी रहने से अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं रविवार, 21 जून को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। हल्की बौछारों के बीच अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। IMD के मुताबिक सोमवार को मौसम में मामूली ठहराव आएगा। आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- आकर क्यों अटक गया मानसून? 'सुपर अल नीनो' के साए में सूखी हवाओं का वो खेल, जिसने बढ़ाई देश की टेंशन
कैसा है दिल्ली-NCR की हवा का हाल? (AQI Update)
केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर की हवा फिलहाल 'मध्यम' श्रेणी में बनी हुई है। शुक्रवार सुबह 7 बजे तक दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 127 दर्ज किया गया।
अगर NCR के प्रमुख शहरों की बात करें, तो फरीदाबाद में AQI 111, गुरुग्राम में 118, गाजियाबाद में 105, ग्रेटर नोएडा में 102 और नोएडा में 108 रिकॉर्ड हुआ है। दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में वायु गुणवत्ता का स्तर 100 से 200 के बीच बना हुआ है, जबकि कुछ वीआईपी और कम भीड़भाड़ वाले इलाकों में यह 100 के आंकड़े से भी नीचे है। जानकारों का कहना है कि शाम को होने वाली तेज हवाओं और बारिश के बाद वायु प्रदूषण के स्तर में और सुधार देखने को मिल सकता है।
