दिल्ली में आज का मौसम (12 May 2026): दिल्लीवासियों को इन दिनों तेज गर्मी और उमस परेशान कर रही है। सोमवार को राजधानी में बादल छाने और हल्की बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया था। लेकिन दिनभर तेज धूप निकली रही, जिसकी तपिश से लोगों को गर्मी ने खूब सताया। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में आज फिर बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। कहीं-कहीं हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। 13 मई को भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
तापमान से अधिक महसूस हुई गर्मी
सोमवार को दिल्ली में उमस के चलते हीट इंडेक्स भी बढ़ गया। जिससे तापमान से कहीं ज्यादा गर्मी महसूस हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन गर्मी 41.1 डिग्री सेल्सियस वाली महसूस हुई। सोमवार को तेज धूप के बीच कुछ देर के लिए आंशिक तौर पर बादल छाए, लेकिन बारिश फिर भी नहीं दर्ज हुई। मौसम विभाग का सोमवार के लिए बारिश का पूर्वानुमान गलत होने के बाद मौसम विभाग ने येलो अलर्ट वापस ले लिया था।
