शहर

बिहार का मौसम (12 May 2026) Bihar Weather Today: बिहार में मौसम का तूफानी रूप! आज ठनका से रहें सावधान, सभी जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12 May 2026: बिहार में मौसम लगातार बिगड़ा हुआ है। मौसम विभाग ने आज भी सभी जिलों में बारिश, आंधी और ठनका गिरने का अलर्ट जारी किया है।

Image

बिहार का मौसम कैसा रहेगा

बिहार में आज का मौसम (12 May 2026): बिहार में झमाझम बारिश का दौर जारी है, आज भी मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। आज सभी जिलों में खराब मौसम रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। साथ ही तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं आंधी आने का भी अनुमान है। सुपौल में आज सुबह बारिश दर्ज की गई और खगड़िया में आसमान में बादल छाए रहे।

पटना में आज कैसा रहेगा मौसम

बिहार में आज बारिश के साथ 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही ठनका गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। बिहार की राजधानी पटना में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। आज यहां बादल छाए रहने और तेज बारिश होने की संभावना है। साथ ही कहीं-कहीं आंधी भी चल सकती है। दिन के समय कुछ जगहों पर उमस और गर्मी परेशान कर सकती है। लेकिन बारिश के बाद तापमान में कमी आने से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

बिहार का सबसे गर्म जिला

बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे गर्म जिला कैमूर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बक्सर समेत 5 जिलों में अधिकतम पारा 35 डिग्री के पार रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार पटना में सोमवार को दिन का तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले 48 घंटों में बिहार में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में 2-3 डिग्री की कमी आ सकती है।

बिहार में सामान्य से 193% अधिक बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में अब तक औसत से 193 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। आगामी एक सप्ताह तक बादलों की सक्रियता बने रहने का अनुमान है। 11 मई को बिहार के अधिकांश हिस्सों में ठनका गिरने और आंधी-बारिश की संभावना है। 12 मई को उत्तर और दक्षिण बिहार में तेज हवाएं चलने और ठनका के साथ बारिश होने के आसार हैं। जिसके बाद 15 मई तक उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने और ठनका गिरने का अनुमान है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article