दिल्ली में आज का मौसम (05 May 2026): दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुककर बारिश का मौसम जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। सुबह के समय बारिश के साथ ही तेज हवाओं के चलने से मौसम भी सुहावना हो गया। हालांकि दिन में समय तेज धूप भी खिली रही, लेकिन बादलों की आवाजाही के चलते तपिश का प्रभाव कम रहा। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं संग बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली में 5 मई को मौसम का हाल
IMD के अनुसार, 5 मई को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। शाम के समय हवाओं की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है।
दिल्ली में क्यों बदल रहा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से राजधानी के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। जिसके चलते कई इलाकों में आंधी-बारिश की घटनाएं दर्ज की गई। रविवार रात को दिल्ली में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। इस दौरान 13 मिमी बारिश दर्ज हुई। जिससे दिल्ली के तापमान में काफी गिरावट आई। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
