राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची (Voter List) को पूरी तरह पारदर्शी, सटीक और बिना गलती के बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। दिल्ली में 30 जून 2026 से 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (Special Intensive Revision-SIR) प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो रही है। एक महीने तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सीधे आपके घर तक पहुंचेंगे।
फिलहाल दिल्ली में 1 करोड़ 48 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। इस विशाल आबादी के सत्यापन को सरल और सुगम बनाने के लिए आयोग ने मैदान में 13 हजार से अधिक BLO, 1300 सुपरवाइजर और लगभग 30 हजार बूथ लेवल एजेंटों की भारी-भरकम फौज उतारने की तैयारी की है।
क्यों जरूरी है दिल्ली में यह अभियान?
दिल्ली एक ऐसा महानगर है जहां नौकरी, पढ़ाई और कारोबार के सिलसिले में उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा समेत देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में लोग आकर बसते हैं। इसके अलावा, दिल्ली-NCR (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद) के बीच भी लोग अक्सर अपने आशियाने बदलते रहते हैं। लगातार होने वाले इस विस्थापन के कारण वोटर लिस्ट में गलतियां, डुप्लिकेट नाम या पुराने रिकॉर्ड बने रहने की संभावना बढ़ जाती है। SIR का मुख्य उद्देश्य इन्हीं कमियों को दूर करना है ताकि कोई पात्र वोटर छूटे नहीं और कोई अपात्र सूची में न रहे।
29 जुलाई तक जारी रहेगी प्रक्रिया
यह अभियान 30 जून से शुरू होकर 29 जुलाई 2026 तक सक्रिय रहेगा। चुनावी सूचियों को त्रुटिरहित बनाने के लिए जमीन पर करीब 13,000 BLO (बूथ लेवल ऑफिसर), 1,300 सुपरवाइजर और लगभग 30,000 बूथ लेवल एजेंटों की बड़ी टीम तैनात की जा रही है। इस अभियान का लक्ष्य मतदाता सूची से हर तरह की गड़बड़ियों को दूर करना, नए व योग्य नागरिकों के नाम जोड़ना और पुराने उपलब्ध रिकॉर्ड का फिजिकल वेरिफिकेशन करना है।
घर बैठे पुराना SIR रिकॉर्ड देखने की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया
यदि आप BLO के घर आने से पहले अपना पुराना चुनावी रिकॉर्ड जांचना चाहते हैं, तो निर्वाचन आयोग के डिजिटल माध्यम का उपयोग कर सकते हैं
ऐप लॉगिन: सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में 'ECINET' ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद अपने मोबाइल नंबर और उस पर प्राप्त हुए ओटीपी (OTP) को दर्ज करके सुरक्षित लॉगिन करें।
सर्च ऑप्शन पर जाएं: ऐप के मुख्य मेन्यू में दिए गए 'Search Your Name in Last SIR' (पिछले एसआईआर में अपना नाम खोजें) वाले विकल्प का चयन करें।
विवरण दर्ज करें: निर्धारित कॉलम में अपना या अपने परिवार के किसी भी ऐसे सदस्य का नाम भरें जो पहले से पंजीकृत (रजिस्टर्ड) रहे हों।
डिटेल्स नोट करें: सर्च पूरा होते ही आपके स्क्रीन पर रिकॉर्ड आ जाएगा। यहाँ से आप अपनी विधानसभा क्षेत्र, पोलिंग स्टेशन (मतदान केंद्र), भाग संख्या (Part Number) और पार्ट सीरियल नंबर जैसी बेहद महत्वपूर्ण जानकारियां नोट करके रख सकते हैं, जो बीएलओ के आने पर फॉर्म भरने में मददगार होंगी।
