शहर

दिल्ली में 'दोस्तों' ने अधमरा कर रेलवे ट्रैक पर फेंका, पैर काटने की आई नौबत; CCTV से खुला राज

दिल्ली के शालीमार बाग में एक 22 वर्षीय डांसर को उसके दोस्तों ने पुरानी रंजिश में बेरहमी से पीटा और रेलवे ट्रैक पर मरने के लिए छोड़ दिया। सीसीटीवी फुटेज से वारदात का खुलासा हुआ है।

Image

सीसीटीवी से खुले राज

Photo : Times Now Digital

Delhi Crime News: दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके से दोस्ती और धोखे की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। एक 22 वर्षीय उभरते हुए डांसर मोहित को उसी के दोस्तों ने पार्टी के बहाने बुलाकर अधमरा होने तक पीटा और फिर मरने के लिए शालीमार बाग स्थित रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। जिस युवक ने अपने डांस के जरिए दुनिया में नाम कमाने का सपना देखा था, आज अस्पताल में उसी के पैर काटने की तैयारी चल रही है।

3 साल पुरानी लड़ाई का खौफनाक अंत

जानकारी के मुताबिक, इस बर्बरता के पीछे 3 साल पहले स्कूल में हुई एक मामूली लड़ाई की रंजिश थी। आरोपियों ने बदले की आग को तीन साल तक दबाए रखा और 25 अप्रैल को साजिश के तहत मोहित को पार्टी के लिए बुलाया। मोहित अपने दोस्तों पर अटूट भरोसा करता था और परिवार से शादी में जाने का बहाना बनाकर उनके साथ निकला था, लेकिन उसे क्या पता था कि वही दोस्त उसकी जान के दुश्मन बन चुके हैं।

अब पैर काटने की नौबत

मोहित सोशल मीडिया पर अपने पैरों के अनोखे डांसिंग स्टाइल के लिए काफी मशहूर था। वह इसी कला के जरिए अपना भविष्य बनाना चाहता था। लेकिन हमलावरों ने जानबूझकर उसके पैरों और शरीर पर इतनी बेरहमी से वार किए कि उसकी हड्डियां कई जगह से टूट गई हैं। वर्तमान में वह सफदरजंग अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि इन्फेक्शन और गंभीर चोटों के कारण उसके पैर काटने पड़ सकते हैं।

CCTV ने खोली सुसाइड की थ्योरी

शुरुआत में रेलवे पुलिस इसे सुसाइड की कोशिश मान रही थी क्योंकि मोहित रेलवे ट्रैक पर घायल अवस्था में मिला था। हालांकि, परिवार के अड़ने और गहन जांच के बाद जब CCTV फुटेज खंगाले गए, तो पुलिस के होश उड़ गए। फुटेज में मोहित के दोस्त ही उसे बेरहमी से पीटते और घसीटते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई

सब्जी मंडी रेलवे पुलिस ने सीसीटीवी साक्ष्य मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित की मां और मामा का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि हमलावरों ने न केवल मोहित के शरीर को तोड़ा है, बल्कि उसके करियर और सपनों को भी चकनाचूर कर दिया है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article