शहर

Delhi News: स्वरूप नगर में नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, 72 घंटे में खोली वारदात की परतें

Delhi News: दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में नाबालिग से कथित रेप के बाद हत्या के मामले को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। जांच के दौरान 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज और एक संदिग्ध टेंपो की आवाजाही से पुलिस को अहम सुराग मिले। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया है और पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

Image

मामले में एक आरोपी गिरफ्तार और तीन नाबालिग पकड़े गए

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले के स्वरूप नगर इलाके में नाबालिग की कथित दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर केस सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। जांच में 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज और एक संदिग्ध टेंपो की गतिविधियां अहम कड़ी साबित हुईं।

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर के कुशक रोड स्थित लाल बॉर्डर इलाके में जयपाल राणा के खेत के पास खुले स्थान पर एक शव मिलने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय शव की पहचान नहीं हो पाई थी। इसके बाद क्राइम टीम और FSL टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच के आधार पर स्वरूप नगर थाने में FIR दर्ज की गई। मामले में BNS की संबंधित धाराओं के अलावा POCSO एक्ट की धारा 6 के तहत भी कार्रवाई की गई।

50 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाली

मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचना बड़ी चुनौती थी, क्योंकि शुरुआती स्तर पर कोई स्पष्ट प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया था। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, 50 से अधिक कैमरों की फुटेज को बारीकी से देखा गया। इसी दौरान घटना के आसपास एक संदिग्ध टेंपो की आवाजाही सामने आई। रात के समय अंधेरा होने के कारण कैमरे में टेंपो का नंबर स्पष्ट नजर नहीं आ रहा था। पुलिस ने अलग-अलग जगहों के CCTV फुटेज को आपस में जोड़कर टेंपो की आवाजाही का रूट तैयार किया। इसी कड़ी के आधार पर वाहन की पहचान की गई।

खड्डा कॉलोनी से बरामद हुआ संदिग्ध टेंपो

पुलिस ने बताया कि 15 और 16 सितंबर की दरमियानी रात चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान संदिग्ध टेंपो स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी में खड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने वाहन के चालक की पहचान कर उससे पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर चार लोगों को मामले से कथित तौर पर जुड़े होने के आरोप में पकड़ा गया। पकड़े गए लोगों में शिवम उर्फ सुदामा उर्फ चुचु शामिल है। इसके अलावा 16 और 17 वर्ष की उम्र के तीन बच्चों को भी CCL के तौर पर पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर दो चाकू, घटना के वक्त पहने गए बताए जा रहे कपड़े और टेंपो बरामद किया गया है।

फॉरेंसिक और तकनीकी जांच जारी

पुलिस अब पकड़े गए सभी आरोपियों और नाबालिगों की भूमिका को अलग-अलग तरीके से जांच रही है। मामले में फॉरेंसिक साक्ष्यों के साथ तकनीकी जांच को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में इनके अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। बरामद वस्तुओं और अन्य साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी साक्ष्यों का विश्लेषण होने के बाद ही घटना की पूरी कड़ी और हर व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आगे की जांच जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें