शहर

Delhi News : 42 साल तक पुलिस को देता रहा चकमा, 1984 हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने 1984 के अशोक कुमार हत्याकांड में 42 साल से फरार नत्थू उर्फ नत्थूलाल को हरदोई से गिरफ्तार किया। आरोपी पहचान छिपाकर सब्जी मंडियों में काम करता रहा। पुलिस ने कई महीनों की निगरानी के बाद उसे 18 अगस्त को पकड़ा।

Image

42 साल से फरार हत्यारा गिरफ्तार

दिल्ली : दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज टीम ने वर्ष 1984 के हत्या मामले में 42 साल से फरार चल रहे आरोपी नत्थू उर्फ नत्थूलाल (65) को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चार दशक से अधिक समय तक अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर रहकर पुलिस को चकमा देता रहा। आखिरकार लगातार निगरानी और कई महीनों की जमीनी जांच के बाद उसे 18 अगस्त 2026 को दबोच लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, यह मामला 22/23 मई 1984 की रात का है। विकासपुरी स्थित जिला पार्क में अशोक कुमार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना जनकपुरी में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने सह-आरोपी भवभूति प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन दूसरा आरोपी नत्थू उर्फ नत्थूलाल मौके के बाद फरार हो गया था। इसके बाद वह लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।

क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज टीम ने पुराने केस रिकॉर्ड को दोबारा खंगाला और फरार आरोपी की तलाश में कई महीनों तक उत्तर प्रदेश के सीतापुर और हरदोई में स्थानीय स्तर पर सूचनाएं जुटाईं। पुलिस टीम ने संदिग्ध ठिकानों और उसके पुराने संपर्कों पर लगातार नजर रखी। इसी दौरान आरोपी की गतिविधियों की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद 18 अगस्त 2026 को उसे उसके गांव के पास फर्रुखाबाद जाते समय गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में पुलिस के सामने यह भी आया कि आरोपी नत्थू और उसका सह-आरोपी भवभूति प्रसाद मृतक अशोक कुमार को पहले से जानते थे। पुलिस का आरोप है कि वारदात वाली रात शराब पीने के बाद दोनों ने कथित तौर पर अशोक कुमार की चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी।

फरारी के दौरान नत्थू उर्फ नत्थूलाल अलग-अलग शहरों और कस्बों की सब्जी मंडियों में काम करता रहा तथा बेहद लो प्रोफाइल जीवन जीते हुए अपनी पहचान छिपाए रखा। अब 42 साल बाद दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने इस बहुचर्चित पुराने हत्याकांड के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article