शहर

Delhi CNG Pump Blast: 30 मिनट जिंदगी-मौत से जूझता रहा मनीष, ‘समय पर इलाज मिलता तो बच जाती जान’; परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

Delhi CNG Pump Blast: दिल्ली के टिकरी कलां स्थित सीएनजी स्टेशन पर सिलेंडर में हुए विस्फोट के बाद 25 वर्षीय मनीष गंभीर हालत में आधे घंटे तक वहीं तड़पता रहा, लेकिन उसे अस्पताल ले जाने वाला कोई नहीं था।

Image

दिल्ली सीएनजी स्टेशन ब्लास्ट

Delhi CNG Pump Blast : टिकरी कलां स्थित एक सीएनजी स्टेशन पर बुधवार दोपहर एक ट्रक में गैस भरते समय सिलेंडर में हुए विस्फोट के बाद 25 वर्षीय मनीष गंभीर हालत में आधे घंटे तक वहीं पड़ा रहा, लेकिन उसे अस्पताल ले जाने वाला कोई नहीं था। उसके परिवार ने यह दावा किया। परिजनों का कहना है कि उन्हें फोन पर घटना की सूचना मिली जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे जहां मनीष जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। उसके चाचा विजय प्रसाद ने दावा किया कि मनीष टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास स्थित ईंधन पंप पर लगभग 30 मिनट तक पड़ा रहा और फिर एम्बुलेंस आई और उसे अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उसकी जान नहीं बच सकी।

प्रसाद ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, "वह आधा घंटा वहीं पड़ा रहा। उसका बहुत सारा खून बह चुका था। ऐसे कोई कैसे बच सकता था? पंप पर करीब तीन साल से काम कर रहे मनीष की ड्यूटी बुधवार अपराह्न करीब दो बजे शुरू हुई थी। उसके चाचा ने बताया कि विस्फोट अपराह्न करीब 2.30 बजे से 2.45 बजे के बीच हुआ।

प्रसाद ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली कि सिलेंडर फट गया है और मनीष गंभीर रूप से घायल है। उन्होंने कहा कि मैंने अपने भाई को फोन किया, और वह, मेरा भतीजा और कई अन्य लोग यहां पहुंचे। उनके मुताबिक, जब तक उसे एम्बुलेंस में रखा गया, उसका काफी खून बह चुका था।

ब्लास्ट में तीन लोगों की गई जान

प्रसाद ने कहा कि उसे ले जाने वाला कोई नहीं था। गैस स्टेशन के सारे कर्मी भाग गए थे। पुलिस ने बताया कि बाहरी दिल्ली के टिकरी कलां स्थित एक सीएनजी स्टेशन पर ट्रक में गैस भरने के दौरान सिलेंडर फटने से मारे गए तीन लोगों में मनीष भी शामिल है। पुलिस के अनुसार ईंधन पंप के एक अन्य कर्मचारी सन्नी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, तीसरे व्यक्ति की पहचान की कोशिश जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज किया जा रहा है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि अपराह्न 3.37 बजे घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। डीएफएस अधिकारी ने बताया कि ट्रक के पास खड़े छह विस्फोट की चपेट में आ गए। पुलिस ने बताया कि विस्फोट के सटीक कारण का तुरंत पता नहीं चल सका है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article